जालौन: उत्तर प्रदेश के जालौन में सोमवार शाम को जमीन बंटवारे को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया। रामपुरा थाना क्षेत्र के अन्देला मड़ैया गांव में हुए इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. विवाद इतना बढ़ गया कि एक भाई ने अपने सगे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी, जिसके बाद पिता और मृतक के बच्चों ने आरोपी भाई को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया. घटना में एक ही परिवार के दो भाइयों की मौत हो गई.
जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद
जानकारी के मुताबिक, रामपुरा थाना क्षेत्र के मिर्जापुर जागीर निवासी जयनारायण चतुर्वेदी के परिवार में जमीन के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था. सोमवार को खेत पर इसी बात को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे हिंसक झगड़े में बदल गई. बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान मझले भाई अल्लू उर्फ जितेंद्र ने गुस्से में आकर अपने बड़े भाई कैलाश पर तमंचे से गोली चला दी. गोली लगने से कैलाश गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई.
एक ही परिवार के दो चिराग बुझे
बड़े भाई की हत्या से परिवार में कोहराम मच गया. इस दौरान मृतक कैलाश के पिता जयनारायण चतुर्वेदी और मृतक के परिजनों, जिनमें छोटे भाई भी शामिल थे, उन्होंने आरोपी अल्लू उर्फ जितेंद्र पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल अल्लू की भी मौके पर ही मौत हो गई. इस तरह जमीन विवाद ने एक ही परिवार के दो चिराग बुझा दिए. घटना के बाद खेत में दोनों भाइयों के शव लहूलुहान हालत में पड़े मिले, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी.
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही रामपुरा थाना पुलिस, फोरेंसिक टीम और जालौन पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए. पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह ने बताया कि रामपुरा थाना क्षेत्र के अन्देला मड़ैया में पारिवारिक विवाद के चलते अल्लू उर्फ जितेंद्र ने अपने सगे भाई कैलाश को तमंचे से गोली मार दी, जिससे कैलाश की मौत हो गई. इसके बाद पिता जयनारायण चतुर्वेदी और मृतक के बच्चों ने आरोपी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे आरोपी की भी मृत्यु हो गई.
जानिए क्या कहा पुलिस ने?
उन्होंने बताया कि घटना में शामिल लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले की गहनता से जांच की जा रही है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है. पुलिस ने एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया है. अधिकारियों के अनुसार फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें: गुरुग्राम में रिश्ते शर्मसार! टैक्सी ड्राइवर ने की पत्नी की गला घोंटकर हत्या; खुद भी कर ली आत्महत्या
