गाजियाबाद के मुरादनगर से एक बड़ा मामला सामने आ रहा है. दरअसल, यहां पर 20 दिन पहले एक महिला की संदिग्ध रूप से मौत हो गई थी. मौत के बाद में सभी परिवार वालों ने आत्महत्या बोल पुलिस को बिना किसी जानकारी के शव को दफना दिया था. हालांकि, एक शक ने पूरे मामले को बदल कर रख दिया. 20 दिन बाद शव को कब्र में से निकाल उसका पोस्टमार्टम किया जा रहा हैं.
किसी ने भी नहीं जताया शक
दरअसल, जानकारी के मुताबिक नूरद्दीन, गाजियाबाद के मुरादनगर थाना क्षेत्र में अपने पूरे परिवार के संग में रहता था. अचानक ही उसकी 55 वर्षीय पत्नी रहीसा की 30 मार्च के दिन मौत हो गई थी. परिवार वालों ने बिना किसी को कुछ बताए, आत्महत्या कहकर शव को दफना दिया. हालांकि, किसी ने भी उस समय मामले के बारे में सवाल नहीं उठाया.
आसपास के लोगों ने ली जानकारी
कुछ दिन बाद लेकिन एक शक ने मामले को पलट कर रख दिया. मृतका की बेटी हसीना तीन दिन बाद अपने ससुराल दुहाई से गांव पहुंची. शुरू में उसे भी मामला साधारण लगा. धीरे-धीरे लेकिन मामले ने मोड़ लेना शुरू कर दिया. दरअसल, बेटी हसीना ने आसपास के लोगों से मां के बारे में जानकारी ली, जिसके बाद उसे अपनी मां की मौत साधारण नहीं लगी थी.
कब्र खोल निकाला गया शव
हसीना ने पूरे मामले को बताते हुए जिला अधिकारी से इसके बारे में शिकायत की. हसीना का आरोप था कि मां ने आत्महत्या नहीं बल्कि उनकी हत्या की गई है. प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक्शन लिया. अधिकारियों ने वीडियोग्राफी कर कब्र को खोदा. कब्र से मृतका का शरीर निकाला गया और उसके बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद खुलेगा मामला
हालांकि, मामले को संदिग्ध बताते हुए पुलिस ने हत्या या आत्महत्या, किसी की भी आशंका नहीं जताई है. पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का पूरा खुलासा हो पाएगा. फिलहाल परिवार वालों से मामले की जानकारी इकट्ठा की जा रही है. सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है. पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही आगे मामला साफ हो पाएगा.
ये भी पढ़ें: ‘नीतीश जी को फिनिश…’, तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी को बधाई देते हुए क्या कह दिया? सदन में हो गया हंगामा
