Gonda News: गोंडा जिले में आज रविवार को रिज़र्व पुलिस लाइन में 497 रिक्रूट सिपाहियों का भव्य दीक्षांत परेड समारोह अनुशासन और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ. 9 माह का प्रशिक्षण पूरा कर चुके 497 पुरुष सिपाहियों ने शानदार मार्चपास्ट और ड्रिल के जरिए अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया. मुख्य अतिथि आईजी देवीपाटन रेंज अमित पाठक औऱ पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने रिक्रूट सिपाहियों के भव्य दीक्षांत परेड समारोह में परेड की सलामी लेकर नवप्रशिक्षित जवानों का उत्साहवर्धन किया है. आईजी अमित पाठक ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सिपाहियों को मेडल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया. उन्होंने बताया कि हाल ही में 60,244 पदों पर बड़े पैमाने पर सिपाहियों की भर्ती हुई थी, जिनमें से 497 सिपाहियों ने गोंडा में प्रशिक्षण प्राप्त किया है.
दिलाई गई सिपाहियों को अनुशासन कर्तव्य निष्ठा की शपथ
इस पूरे कार्यक्रम के दौरान आईजी अमित पाठक और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने इन सभी रिक्रूट सिपाहियों को अनुशासन कर्तव्य निष्ठा को लेकर के शपथ दिलाई गई है. उन्होंने सिपाहियों को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन के साथ सेवा करने का संदेश भी दिया है. इस दीक्षांत परेड के साथ गोंडा पुलिस को 497 नए पुरूष सिपाही मिले जिससे कानून-व्यवस्था और सुदृढ़ होने की उम्मीद है.
मिलेगी अलग-अलग थानों में नई तैनाती
9 माह के प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अब इन सभी पुरुष पुलिसकर्मियों को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र में व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए तैयार किया जाएगा. व्यावहारिक प्रशिक्षण पूरा होने के बाद इन्हें अलग-अलग थानों में नई तैनाती भी दी जाएगी. प्रशिक्षण में और दीक्षांत समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सिपाहियों को आईजी अमित पाठक द्वारा मेडल और स्मृति चिन्ह देकर के सम्मानित भी किया गया है.
