उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में बीजेपी की पूर्व जिला मंत्री दीपाली तिवारी ने जिला अध्यक्ष के ऊपर शारीरिक संबंध बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. जिसके बाद जिला अध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा ने उन सभी आरोपों को झूठा बताया है.

महोबा जिला अध्यक्ष के ऊपर गंभीर आरोप
उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. महोबा में बीजेपी की पूर्व जिला मंत्री दीपाली तिवारी ने जिला अध्यक्ष के ऊपर गंभीर आरोप लगाए हैं. दीपाली तिवारी ने जिला अध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए पद के बदले शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप लगाया है. आपको बता दें कि दीपाली ने 27 अप्रैल यानी आज एसपी कार्यालय पहुंचकर प्रार्थना पत्र सौंपा है.
बड़े पद पर पहुंचाने के लिए रखी घिनौनी शर्त
आपको बता दें कि दीपाली ने एसपी को पत्र सौंपने के साथ फेसबुक लाइव पर अपनी आपबीती भी सुनाई है. दीपाली के मुताबिक मोहनलाल ने जिला उपाध्यक्ष बनाने के लिए उन्हें दिल्ली-लखनऊ साथ चलने के लिए प्रस्ताव दिया और बात न मानने पर पद से हटाने की धमकी भी दी. दीपाली के मुताबिक जिला महामंत्री और जिला उपाध्यक्ष भी इस बात को मानने को लेकर उनके ऊपर दबाव बना रहे थे.
दीपाली को दी धमकी
आपको बता दें कि महोबा में बीजेपी की नई कार्यकारिणी के बनने के बाद से ही माहौल ठीक नहीं था, लेकिन दीपाली तिवारी ने इसे सार्वजनिक रूप से सामने ला दिया. दीपाली ने आरोप लगाया कि जिलाध्यक्ष ने उनके सामने घिनौनी शर्त रखते हुए पति को दुष्कर्म के मामले में जेल भिजवाने की धमकी भी दी. दीपाली के मुताबिक जब मामला दबाव से बाहर पहुंच गया, तो उन्हें मजबूरी में इस्तीफा देकर जनता के सामने आना पड़ा.
कुशवाहा ने खारिज किए आरोप
दीपाली तिवारी द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद बीजेपी जिला अध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा अपना बचाव करते हुए नजर आए. उन्होंने दीपाली के सभी दावों को झूठा और मनगढ़ंत बताया है. कुशवाहा के मुताबिक यह उनकी छवि को खराब करने की साजिश है. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोपों में रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है. फिलहाल इस मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें- दूध की आड़ में शराब सप्लाई! बगहा में पुलिस ने खोली तस्करों की पोल; 302 लीटर शराब बरामद 2 गिरफ्तार
