Noida Rain Alert: उत्तर प्रदेश में अब गर्मी से राहत मिल गई है. बुधवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में गरज चमक के साथ बारिश शुरू हो गई है और तेज रफ्तार से हवा चल रही है. गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ और बुलंदशहर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम की मिजाज बदल गया है. मौसम विभाग ने आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट पहले ही जारी किया था. IMD की मानें तो एक नए पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से तेज हवाओं के साथ बारिश गर्मी से राहत देने वाली है.
नोएडा का मौसम
बुधवार सुबह से ही दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के आसमान में गरज वाले बादल देखे जा रहे हैं. NCR के कई हिस्सों में तेज धूल भरी आंधी चल रही है, जिससे विजिबिलिटी में कमी आई है. मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में मध्यम बारिश के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है.
भयंकर बारिश की संभावना
IMD के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, नोएडा के अलावा उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, बागपत और मेरठ जिलों में अगले कुछ घंटों के भीतर मध्यम गरज के साथ तूफान और बारिश की प्रबल संभावना है. प्रदेश में 29 अप्रैल से 2 मई तक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है, जहां एक ओर तापमान में गिरावट आएगी, वहीं दूसरी ओर तेज आंधी, भारी बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात का खतरा भी बना रहेगा.
यूपी के इन जिलों में चलेंगी ‘झोंकेदार’ हवाएं
ये जिले हैं…बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर एवं आस पास के इलाके.
आएगी तापमान में गिरावट
मंगलवार रात से ही दिल्ली और आसपास के 30 से 50 प्रतिशत इलाकों में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी थी. इस बदलाव की वजह से पिछले कुछ दिनों से 40 डिग्री के पार चल रहे अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को लू से राहत मिलेगी. लेकिन इससे खतरा भी है, आंधी और बिजली कड़कने के दौरान पेड़ों, कमजोर दीवारों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है.
