Ganga Expressway inauguration: उत्तर प्रदेश में आज एक ऐतिहासिक पल दर्ज होने जा रहा है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे. यह 594 किलोमीटर लंबा आधुनिक एक्सप्रेसवे राज्य के विकास और कनेक्टिविटी में नया अध्याय जोड़ने वाला है. आज काशी में पीएम मोदी का रोड शो है.
गंगा एक्सप्रेसवे यूपी के 12 जिले और 519 गांवों से होकर गुजरेगा. गंगा एक्सप्रेसवे पर 3.5 किमी लंबा एयरस्ट्रिप भी बनाया गया है. इस पर भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमान भी आपात लैंडिंग कर सकेंगे. जानिए इस एक्सप्रेस वे क्या खास रहेगा और पीएम मोदी के रोड और उद्घाटन को लेकर क्या तैयारियां हैं.
हरदोई में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरठ से प्रयागराज तक 594 किमी लंबे एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे. अब सफर मात्र 6-7 घंटे में पूरा हो सकेगा, जबकि पहले दोगुना समय लगता था. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बड़ी जनसभा को भी संबोधित करेंगे जिसको लेकर गंगा एक्सप्रेसवे के पास ही एक बड़ा सा पंडाल बनाया गया है.
काशी में 5 भव्य स्वागत पॉइंट
काशी की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ा हुआ है. बीजेपी का 14 किमी लंबा मेगा रोड शो आज है. ढोल-नगाड़ों और शंखनाद के साथ कार्यकर्ताओं ने मोर्चा संभाल लिया है. रोड शो के पूरे मार्ग पर भारी पुष्प वर्षा होगी. गुलाब की पंखुड़ियों से काशी की गलियां महक गई है. BLW गेस्ट हाउस से काशी विश्वनाथ मंदिर तक केसरियामय माहौल हो गया है. पूरे रूट पर 5 विशेष स्थानों पर की स्वागत की विशेष तैयारी की गई है. शिव की नगरी ”हर-हर महादेव” के नारों से गूंज रही है. रोड शो को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है और भारी पुलिस बल तैनात है.
मेरठ से प्रयागराज के बीच कुल 14 टोल प्लाजा
एक्सप्रेसवे पर मेरठ से प्रयागराज के बीच कुल 14 टोल प्लाजा बनाए गए हैं. इनमें मेरठ के बिजौली (खड़खड़ी) और प्रयागराज में दो मुख्य टोल प्लाजा होंगे, जबकि 12 अन्य टोल प्लाजा विभिन्न प्रवेश और निकास बिंदुओं पर स्थित हैं. सूत्रों के अनुसार निर्धारित मानकों के आधार पर निजी कारों से वसूली जाने वाली संभावित टोल दरें 2.55 रुपये प्रति किमी, कामर्शियल वाहनों की टोल दरें 4.05 रुपये और ट्रकों पर टोल दरें 8.15 रुपये प्रति किमी मानी जा रही है
गंगा एक्सप्रेसवे पर टोलिंग व्यवस्था को पूरी तरह हाईटेक
गंगा एक्सप्रेसवे पर टोलिंग व्यवस्था को पूरी तरह हाईटेक बनाया गया है. एक्सप्रेसवे पर वाहनों को टोल देने के लिए रुकना नहीं पड़ेगा. सेंसर के माध्यम से कुछ दूरी से ही टोल स्वत: कट जाएगा, जिससे टोल प्लाजा पर जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं होगी और सफर निर्बाध बना रहेगा.
