उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला. जिसके बाद परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की. परिजनों ने कहा कि जब तक मुकदमा दर्ज नहीं होगा, वे युवक का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे.

खेत में मिला था युवक का शव
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. अलीगढ़ के दादों थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव में रविवार को एक युवक का शव खेत में पेड़ से लटका हुआ मिला था. जिसके बाद युवक के परिजनों ने इस घटना को आत्महत्या मानने से मना कर दिया और कहा कि उनके बेटे की बेरहमी से हत्या की गई है, मृतक की पहचान 23 साल के रोबिन के रूप में की गई है.
गांव में भारी पुलिस बल तैनात
रोबिन के परिजनों का आरोप है कि उनके बेटे की हत्या करके शव को फंदे पर लटका दिया गया, जिससे यह लगे कि युवक ने आत्महत्या की है. इस मामले में परिजनों ने एक युवती समेत 6 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. मामले को गंभीरता से लेते हुए गांव में भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस ने इस मामले में शुरुआती जांच के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है.
डीप फ्रीजर में रखा युवक का शव
युवक की मौत से परिजनों में काफी आक्रोश है और उन्होंने न्याय की मांग करते हुए बड़ा कदम उठाया है. परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया और युवक के शव को डीप फ्रीजर में रख दिया. परिजनों का कहना है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करके उनकी गिरफ्तारी नहीं की जाती है, तब तक वे युवक का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे. हालांकि पुलिस के समझाने पर 48 घंटों बाद ही युवक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
मामले में जानकारी देते हुए डीएसपी कमलेश कुमार ने बताया कि मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ जिससे मामले की शुरुआती जांच में यह प्रेम प्रसंग की तरफ इशारा करता है. परिजनों के विरोध और शिकायत के चलते पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस प्रशासन के समझाने और मुकदमा दर्ज होने के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया.
यह भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल वोटिंग का तूफान! 11 बजे तक हो गया 40% मतदान; लोगों में दिख रहा अलग उत्साह
