पुणे के कोंढवा इलाके में एक बंद पड़े जल शोधन संयंत्र से क्लोरीन गैस का रिसाव हुआ है. इस घटना में 2 दमकलकर्मियों समेत 24 लोगों को सांस लेने में तकलीफ हुई, जिसके कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया.

बंद पड़े प्लांट से गैस का रिसाव
महाराष्ट्र के पुणे से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. पुणे के कोंढवा इलाके में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात को क्लोरीन गैस का रिसाव हो गया. इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के मुताबिक कोंढवा इलाके में बंद पड़े जल शोधन संयंत्र से क्लोरीन गैस का रिसाव हुआ है. इस घटना में 24 लोगों को सांस लेने में तकलीफ हुई, जिसके कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया.
पूरे इलाके को कराया गया खाली
फायर ब्रिगेड विभाग के अधिकारी सुनील नाइकनावारे के मुताबिक कोंढवा में मौजूद गंगाधाम इलाके में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात पुराने बंद पड़े जल शोधन प्लांट के गोदाम में रखी हुई क्लोरीन गैस टैंक से रिसाव होने लगी. जिसकी सूचना मिलने के बाद मौके पर विभाग की टीम पहुंची और पूरे इलाके को तुरंत ही खाली करवाया गया. यह घटना टैंक से गैस के रिसाव के कारण हुई है.
2 दमकलकर्मी भी हादसे का शिकार
जानकारी के मुताबिक टीम ने पूरे इलाके को खाली करवाया और गैस के फैलाव को रोकने के लिए टैंक को पैच कर दिया. इस घटना में पैच की प्रक्रिया के दौरान फायर ब्रिगेड विभाग के 2 जवान भी क्लोरीन गैस की चपेट में आ गए. जिससे दोनों दमकलकर्मियों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी. इस हादसे में 2 दमकलकर्मियों समेत 24 लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया.
सभी को कराया गया अस्पताल में भर्ती
बताया जा रहा है कि जहरीली गैस फैलने के कारण आसपास के इलाकों में रहने वाले लगभग 22 लोगों को सांस लेने में तकलीफ हुई और 2 दमकलकर्मियों को भी इस तरह की समस्या हुई. जिसके बाद सभी 24 लोगों को तुरंत ही ससून जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया. अधिकारियों ने बताया कि अब सभी लोग खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज किया जा रहा है. फिलहाल प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि बंद पड़े प्लांट से गैस का रिसाव कैसे हुआ है.
यह भी पढे़ं- ‘अब होगा असली खेल शुरू…’, नागपुर RSS मुख्यालय को रेडिएशन की धमकी; पुलिस आयुक्त को भेजा पत्र
