उत्तर प्रदेश के संभल में ड्यूटी पर तैनात सिपाही मौके पर नहीं मिला, जिसके कारण ट्रैफिक पुलिस प्रभारी ने उसकी गैरहाजिरी की रिपोर्ट लिख दी. जिसके बाद यह मामला काफी आगे बढ़ गया.

ड्यूटी पर नहीं मिला सिपाही
उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक संभल जिले में गंगा एक्सप्रेसवे के इंटरचेंज पॉइंट पर तैनात हेड कांस्टेबल दोपहर के समय अपनी ड्यूटी से गायब थे. इस दौरान ट्रैफिक पुलिस प्रभारी अचानक से औचक निरीक्षण करने के लिए पहुंच गए. इस दौरान वहां तैनात सिपाही मौके पर मौजूद नहीं मिला.
मैंने तुम्हारी पॉटी का ठेका नहीं ले रखा
ड्यूटी पर न मिलने पर प्रभारी ने सिपाही की गैरहाजिरी की रिपोर्ट लिख दी. इसको लेकर सिपाही जय भगवान का कहना है कि पेट खराब होने के कारण वे पास में मौजूद पेट्रोल पंप पर शौच के लिए गए हुए थे. जब सिपाही ने प्रभारी को अपनी यह दलील सुनाई, तो प्रभारी ने कहा कि मैंने तुम्हारी पॉटी का ठेका नहीं ले रखा है. जिसके बाद यह पूरा विवाद सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो गया.
सिपाही ने लगाए गंभीर आरोप
इस पूरे विवाद के बाद हेड कांस्टेबल ने भी ट्रैफिक पुलिस प्रभारी दुष्यंत बालियान के ऊपर गंभीर आरोप लगाए हैं. वायरल वीडियो में जय भगवान ने दावा किया है कि प्रभारी अवैध रूप से ट्रकों और वाहनों का संचालन करवाते हैं. सिपाही ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान उसने मिट्टी से बरा हुआ एक डंपर रोका था. सिपाही का आरोप है कि ट्रकों के चालान करने के कारण प्रभारी उससे रंजिश रखते हैं.
एसपी ने दोनों को किया लाइन हाजिर
सिपाही का दावा है कि इसी कारण प्रभारी ने उसकी गैरहाजिरी की रिपोर्ट लिखी है. इस मामले में संज्ञान लेते हुए संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कार्रवाई की है. एसपी K.K बिश्नोई ने हेड कांस्टेबल और ट्रैफिक पुलिस प्रभारी दोनों को लाइन हाजिर कर दिया है. एसपी ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि सिपाही के गैरहाजिर मिलने और उसके द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है.
यह भी पढे़ं- ‘हर वारदात के 12 हजार…’, पाकिस्तान से मिला था यह ऑफर; लखनऊ से गिरफ्तार आतंकियों से किया था वादा
