दिल्ली के द्वारका सेक्टर-24 में मौजूद गोल्फ कोर्स तालाब में डूबने के कारण 3 मासूम बच्चों की मौत हो गई. फिलहाल अभी तक बच्चों की पहचान नहीं हो पाई है.

गोल्फ कोर्स तालाब में 3 बच्चों की मौत
राजधानी दिल्ली के द्वारका सेक्टर-24 से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. द्वारका सेक्टर-24 में मौजूद गोल्फ कोर्स के तालाब में डूबने के कारण यहां 3 मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक पूरी घटना गुरुवार सुबह के समय की है. सुबह के समय तालाब में डूबने के कारण 3 बच्चों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि बच्चों की उम्र सिर्फ 8 से 10 साल के बीच में थी.
पुलिस को मिली पीसीआर कॉल
जानकारी के मुताबिक द्वारका सेक्टर-24 में मौजूद गोल्फ कोर्स तालाब में डूबने से 3 बच्चों की मौत हो गई. इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है. पुलिस के मुताबिक सुबह लगभग 7 बजकर 7 मिनट के आसपास पुलिस को पीसीआर कॉल मिली थी, कॉल में सूचना मिली कि गोल्फ कोर्स में मौजूद तालाब में 3 बच्चे डूब गए हैं. सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंच गई.
तालाब में नहाने गए थे बच्चे
मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने तुरंत ही फायर ब्रिगेड को बुलाया और रेस्क्यू ऑपरेशन को शुरू कर दिया. काफी देर के बाद बच्चों को ढूंढ़कर बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो गई थी. डीसीपी द्वारका ने जानकारी देते हुए बताया कि तालाब के बाहर बच्चों के कपड़े मिले हैं, जिसके चलते आशंका जताई जा रही है कि तीनों बच्चे तालाब में नहाने गए थे.
बच्चों की नहीं हो पाई पहचान
शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि तालाब में गहराई का अंदाजा न लगने के कारण बच्चे घटना का शिकार हो गए. फिलहाल अभी तक बच्चों की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस ने मासूमों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले में जांच करते हुए आसपास मौजूद सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, जिससे पता लगाया जा सके कि बच्चे तालाब तक कैसे पहुंचे थे.
यह भी पढ़ें- ‘तुम्हारी पॉटी का ठेका…’, ड्यूटी से गायब मिला सिपाही; दरोगा से हो गई तगड़ी जंग
