हरियाणा के गुरुग्राम में सुबह-सुबह भीड़भाड़ वाले इलाके में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना को युवक ने अपने पिता की हत्या का बदला लेने के उद्देश्य से अंजाम दिया है.

गुरुग्राम में व्यक्ति की हत्या
हरियाणा के गुरुग्राम में एक सनसनीखेज घटना हुई है. गुरुग्राम के कासन इलाके में गुरुवार को सनसनी फैल गई, यहां भीड़भाड़ वाले इलाके में अचानक से गोलियों की आवाज गूंजने लगी. कासन इलाके में गुरुवार को सुबह के समय एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि मृत व्यक्ति की पहचान 55 साल के सुंदर फौजी के रूप में की गई है.
पैरोल पर घर लौटा था व्यक्ति
जानकारी के मुताबिक मृतक हत्या के मामले में उम्र कैद की सजा काट रहा था और पैरोल पर जेल से घर लौटा था, लेकिन इसी दौरान उसकी हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि यह वारदात पिता की हत्या का बदला लेने के उद्देश्य से की गई है. गुरुवार सुबह लगभग 7 बजे के आसपास सुंदर फौजी टहलने निकला था, घर पर वापस लौटते समय जब वह मोनी बाबा चबूतरे के पास पहुंचा, इसी दौरान वहां पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसके ऊपर फायरिंग शुरू कर दी.
पिता की हत्या का लिया बदला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने लगातार कई गोलियां दागीं, जिससे व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया कि पूर्व सरपंच बहादुर के बेटे और उसके एक साथी ने मिलकर घटना को अंजाम दिया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
मृतक सुंदर फौजी साल 2018 में हुई पूर्व सरपंच बहादुर की हत्या के मामले में उम्र कैद की सजा काट रहा था. वह 20 अप्रैल को अपनी बेटी की शादी के कारण पैरोल पर जेल से बाहर आया था. पुलिस ने इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस आसपास इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. अधिकारियों ने बताया कि पुरानी रंजिश के कारण इस घटना को अंजाम दिया गया है.
यह भी पढे़ं- तालाब बना मौत का जाल! द्वारका में नहाते समय 3 बच्चों की मौत; नहीं हो पाई मासूमों की पहचान
