उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में इंस्टाग्राम पोस्ट पर कमेंट को लेकर 2 पक्षों में विवाद हो गया. इस दौरान एक युवक के गोली लगी है और एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है.

इंटाग्राम कमेंट को लेकर विवाद
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां इंटाग्राम पर कमेंट के कारण एक दर्दनाक घटना हो गई. जानकारी के मुताबिक पूरी घटना जिले के क्वार्सी थाना इलाके के नगला पटवारी का है. यहां मौजूद एक कब्रिस्तान के पास में 2 युवकों के बीच इंस्टाग्राम पर पोस्ट को लेकर टिप्पणी के कारण विवाद हो गया था.
दोनों पक्षों के बड़े भी झगड़े में शामिल
बताया जा रहा है कि अदनान नाम के युवक ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था, जिसके ऊपर अयान नाम के युवक ने आपत्तिजनक कमेंट कर दिया था. जिसके लेकर अदनान ने अयान को रास्ते में रोक लिया और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. विवाद की सूचना मिलते ही दोनों पक्षों के बड़े भी आ गए. इसी दौरान अदनान के साथ आए बाबू नाम के व्यक्ति ने अवैध तमंचे से गोली चला दी.
युवक के सीने में लगी गोली
गोली चलने के बाद अयान की तरफ से आए समीर के सीने में लग गई. इसी दौरान समीर के भाई फैजान ने बाबू को पकड़ने की कोशिश की, तो बाबू ने उसे भी तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया और फरार हो गया. फायरिंग की इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. दोनों घायल भाइयों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों का इलाज किया जा रहा है.
पुलिस कर रही मामले में जांच
इस घटना में समीर की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया है. पुलिस ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है और जल्द ही टीमों का गठन करके आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी. पुलिस ने घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे बना मौत का रास्ता! चलती कार में लगी भीषण आग; 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत
