राजस्थान के अलवर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर चलती कार में आग लग गई. इस हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई है. कार में CNG किट मौजूद थी, जिसके कारण तेजी से आग फैल गई.

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हादसा
राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार रात में एक भीषण हादसे हुआ है. जानकारी के मुताबिक इस हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई. बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश के श्योपुर का रहने वाला परिवार माता वैष्णो देवी के दर्शन करके घर वापस लौट रहा था. इसी दौरान यह हादसा हो गया. इस हादसे के बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
देरी से पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी
बताया जा रहा है कि एक्सप्रेसवे पर अगर किसी तरह की घटना होता है, तो वाहनों को मदद के लिए 20किमी का चक्कर लगाकर घूमकर आना पड़ता है. जानकारी के मुताबिक इस हादसे की सूचना रात लगभग 11.15 बजे मिली, लेकिन फायर ब्रिगेड की गाड़ी को पहुंचने में 30 मिनट लगे. जिसके कारण तब तक कार पूरी तरह से जल चुकी थी. जानकारी के मुताबिक यह हादसा एक्सप्रेसवे पर सशस्त्र सीमा बल के मौजपुर ट्रेनिंग सेंटर के पास हुआ है.
चलती हुई कार में लगी आग
जानकारी के मुताबिक हाईवे पर चलती हुई कार में अचानक से आग लग गई और देखते ही देखते आग ने कार को चपेट में ले लिया. कार में CNG किट मौजूद थी, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई. इस हादसे में 3 महिलाओं समेत एक बच्चे के साथ 6 लोगों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि कार का ड्राइवर किसी तरह से कूदने में सफल रहा, जिससे उसकी जान बच गई.
एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत
कार हादसे में मरने वाले लोग एक ही परिवार के थे. स्थानीय लोगों के मुताबिक आग लगने के बाद लॉकिंग सिस्टम फेल हो गया जिससे लोग बाहर नहीं निकल पाए. SSB जवानों ने मौके पर पहुंचकर बचाव की कोशिश की, लेकिन आग ज्यादा तेज थी, जिससे उन्हें बचाया नहीं जा सका. फिलहाल पुलिस की मानें तो कार में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी और सीएनजी किट के कारण तेजी से फैल गई. जिसके कारण यह हादसा हुआ है.
यह भी पढ़ें- बस सीट के कारण गैंगवार की स्थिति! मुरादाबाद में हथियारों तक पहुंचा बैठने का झगड़ा; अवैध तमंचे के साथ 2 छात्र गिरफ्तार
