उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में IFTM यूनिवर्सिटी के छात्रों में बस की सीट को लेकर विवाद हुआ, जो गैंगवार जैसी स्थिति में बदल गया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 युवकों को अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है.

बस सीट को लेकर गैंगवार की स्थिति
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में छात्रों के बीच भारी विवाद हो गया. जानकारी के मुताबिक मुरादाबाद की IFTM यूनिवर्सिटी में बस की सीट को लेकर छात्रों के बीच विवाद शुरू हुआ था. यह विवाद देखते ही देखते गैंगवार जैसी स्थिति में बदल गया. जिसके बाद पुलिस को मौके पर जाकर स्थिति को संभालना पड़ा. बताया जा रहा है कि छात्रों के बीच कई दिनों से तनाव चल रहा था, जो गुरुवार को खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया.
2 युवक अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार
बताया जा रहा है कि गुरुवार को दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और सभी के हाथों में हथियार मौजूद थे. हालांकि समय के साथ पुलिस को मामले की सूचना दी गई, जिससे पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 छात्रों को अवैध तमंचे के साथ में गिरफ्तार कर लिया. आपको बता दें कि यह पूरा मामला पाकबाड़ा थाना क्षेत्र का है. इस पूरे विवाद की शुरुआत यूनिवर्सिटी की बस में सीट पर बैठने को लेकर हुई थी.
गैंगवार की तैयारी में थे छात्र
बस की सीट से शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते आपसी रंजिश में बदल गया. दोनों पक्षों के छात्र कई दिनों से एक-दूसरे को धमकियां दे रहे थे. गुरुवार रात में दोनों पक्षों के छात्र बादड़पुर अंडरपास के पास में भिड़ंत की तैयारी में थे, जिसके कारण उनके पास अवैध हथियार और जिंदा कारतूस भी मौजूद थे. जब इस मामले में पुलिस को सूचना मिली, तो टीम मौके पर पहुंच गई और 2 छात्रों को कारतूसों के साथ गिरफ्तार कर लिया.
BCA के छात्र हैं गिरफ्तार युवक
पुलिस को आता देख छात्रों ने भागना शुरू कर दिया, हालांकि पुलिस ने पीछा करके 2 युवकों को पकड़ लिया है. पुलिस द्वारा गिरफ्तार युवकों के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा और 2 जिंदा कारतूस मिले हैं. गिरफ्तार युवकों की पहचान कुनाल चाहर और निखिल चौहान के रूप में की गई है. दोनों युवक IFTM यूनिवर्सिटी में BCA के छात्र बताए जा रहे हैं. पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.
यह भी पढे़ं- पवन खेड़ा को सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत, सीएम हिमंता की पत्नी पर लगाए थे आरोप; कोर्ट ने सामने रखीं ये शर्तें
