Mathura News: यूपी के मथुरा में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जहां युवक-युवती का शव एक कमरे में मिला है. इस घटना के बाद आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है. मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है, पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी.
किराए के कमरे में रहती थी राधिका
दुर्गापुरम कॉलोनी में राधिका किराए पर कमरा लेकर रहती थी. कुछ लड़के-लड़कियों ने उसे बताया- राधिका के कमरे का दरवाजा नहीं खुल रहा है. उसने लोगों से कहा-फौरन पुलिस को सूचना दीजिए. रात करीब 10 बजे वृंदावन पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलने के थोड़ी देर बाद ही पुलिस मौके पर पहुंच गई.
युवती का शव बेड पर और युवक का शव फंदे पर
सीओ सदर सीओ सदर पीतम पाल सिंह ने देखा तो कमरा अंदर से बंद था. खिड़की से देखने पर एक युवक फंदे से लटकते हुए दिखाई दिया. पुलिस ने फौरन फॉरेंसिक टीम को सूचना दी. उसके बाद लोगों की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़ा गया. देखा तो 10 फीट चौड़े और 10 फीट लंबे छोटे से कमरे में युवक का शव छत पर लगे कुंडे से लटका हुआ था, जबकि युवती का शव बेड पर पड़ा हुआ था. युवती के गले पर निशान थे. उसने लाल रंग की टी शर्ट और फौजी कलर की लैगी पहने हुई थी. जबकि युवक ने काले रंग की शर्ट और पेंट पहने थी. पुलिस ने दोनों की डेडबॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
दोनों के बीच चल रहा था अफेयर
पुलिस ने लोगों से पूछताछ की तो पता चला राधिका मथुरा के लक्ष्मी नगर इलाके की रहने वाली थी. पिछले 8-10 साल से परिवार से अलग वृंदावन में रहती थी. वह 4 साल से इसी मकान में किराए पर कमरा ले कर रह रही थी. छाता के तरौली गांव के रहने वाले सुभाष (24) से पिछले एक साल से उसका अफेयर चल रहा था. पिछले कुछ दिन से दोनों में विवाद चल रहा था. 28 अप्रैल को राधिका ने ने सुभाष के खिलाफ जैंत थाना में छेड़खानी का मुकद्दमा भी दर्ज कराया था. पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है. रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारणों का पता चल पाएगा.
ये भी पढ़ें: पुणे में 4 साल की मासूम से दुष्कर्म, पत्थर से कुचलकर हत्या; ग्रामीणों ने जाम किया हाईवे जाम
