बेंगलुरु में एक व्यक्ति ने महिला के साथ संबंध बनाकर उसे ब्लैकमेल किया और उससे 5 लाख रुपए की ठगी भी की. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

बेंगलुरु में हैरान करने वाला मामला
बेंगलुरु से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक व्यक्ति ने महिला को ब्लैकमेल करके उसके साथ जबरदस्ती संबंध बनाए. बताया जा रहा है कि आरोपी ने पीड़िता को धमकी दी कि अगर वह उसकी बात नहीं मानेगी, तो उसकी प्राइवेट फोटो और वीडियो को वायरल कर देगा. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
साल 2021 में हुई थी मुलाकात
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 46 साल के हनियुर चंद्रगौड़ा के रूप में की गई है. मामले में दर्ज कराई गई FIR के मुताबिक पीड़ित महिला और आरोपी की मुलाकात साल 2021 में हुई थी. पीड़िता पेशे से मेकअप आर्टिस्ट है, वहीं आरोपी खुद को टीवी सिरियल्स से जुड़ा हुआ बताता है. पहले आरोपी ने महिला से काम दिलाने के बहाने से उसका नंबर लिया था.
पति से अलग रहती थी महिला
43 साल की पीड़ित महिला ने बताया कि वह पिछले 8 सालों से अपने पति से अलग रह रही थी, इसी दौरान आरोपी ने उसे भरोसा दिलाया कि वह लेक्चरर है और उसे अच्छी सैलरी मिलती है. आरोपी ने महिला को शादी का झांसा दिया और शारीरिक संबंध बना लिए. जिसके बाद आरोपी महिला की प्राइवेट फोटो और वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने लगा. आरोपी ने महिला को तस्वीरें वायरल करने की धमकी भी दी.
महिला से लिए 5 लाख रुपए
आरोपी के दबाव में आकर महिला को उसकी बात माननी पड़ गई. इसके बाद भी आरोपी की धोखाधड़ी नहीं रुकी. साल 2024 में आरोपी ने महिला के डॉक्यूमेंट्स का इस्तेमाल करके एक घर किराए पर लिया और खुद को महिला का पति बताया. आरोपी ने साल 2021 से अभी तक महिला से 5 लाख रुपए लिए और वापस नहीं किए हैं. फिलहाल पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
यह भी पढ़ें- पुलवामा से आतंकी सहयोगी गिरफ्तार, भारी मात्रा में बरामद हुए हथियार; आरोपी के पास थी विस्फोटक सामग्री
