उत्तर प्रदेश के नोएडा में सेक्टर-62 में मौजूद रजत विहार B ब्लॉक सोसाइटी के सिक्योरिटी गार्ड के साथ में एक कार सवार युवक ने मारपीट की. पुलिस ने मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है.

सिक्योरिटी गार्ड के साथ मारपीट
उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. नोएडा के सेक्टर-62 में मौजूद रजत विहार B ब्लॉक सोसाइटी के सिक्योरिटी गार्ड के साथ में एक कार सवार युवक ने मारपीट की है. इस पूरी घटना का वीडियो सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया. घटना के बाद सोसाइटी में रहने वाले लोगों में डर और आक्रोश का माहौल बना हुआ है.
बैरिकेडिंग को मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार सवार युवक तेजी के साथ सोसाइटी के गेट पर पहुंचा और बैरिकेडिंग को टक्कर मार दी. जिसके बाद अंदर घुसने की कोशिश करने लगा. जब व्यक्ति को गेट पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने उसे रोकना चाहा, तो आरोपी गाड़ी से उतरा और गार्ड के साथ में बहस करने लगा. इसी बात को लेकर कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और कार सवार व्यक्ति ने गार्ड को थप्पड़ मार दिए.
लोगों ने गार्ड को संभाला
थप्पड़ लगने के बाद गार्ड दूर जा गिरा, जिससे सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत ही बीच-बचाव किया और गार्ड को संभाला. घटना के बाद तुरंत ही पुलिस को सूचना दी गई. जिसके बाद थाना सेक्टर-58 की पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस की टीम ने सोसाइटी के सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
मामले में जानकारी देते पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने बयान जारी करते हुए कहा कि कानून तोड़ने वाले लोगों को खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी हालत में आरोपी को छोड़ा नहीं जाएगा.
यह भी पढ़ें- हिसार में खौफनाक वारदात! पति ने कपड़े प्रेस से की पत्नी की हत्या; परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
