उत्तर प्रदेश के मऊ में बॉयफ्रेंड से शादी करने की जिद में एक नाबालिग लड़की मोबाइल टावर पर चढ़ गई. जिसके बाद काफी मशक्कत करके पुलिस ने उसे समझाकर नीचे उतारा और थाने ले गई.

मोबाइल टावर पर चढ़ी लड़की
उत्तर प्रदेश के मऊ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक नाबालिग लड़की अपने बॉयफ्रेंड से शादी करने की जिद के चलते मोबाइल टावर पर चढ़ गई. जैसे ही इस घटना की जानकारी लोगों को हुई तो इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई. मामले में सूचना मिलने पर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई.
पड़ोसी गांव के लड़के से प्रेम संबंध
काफी देर मशक्कत के बाद लड़की को सुरक्षित रूप से नीचे उतारा गया. जानकारी के मुताबिक पूरी घटना घोसी कोतवाली क्षेत्र के लखनी मुबारकपुर गांव की है. गांव के रहने वाले एक युवक का पड़ोस के गांव मानिकपुर में रहने वाली एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था और दोनों आपस में शादी करना चाहते थे. दोनों का परिवार उनके रिश्ते के खिलाफ था और वे शादी से मना कर रहे थे.
सुबह-सुबह मचा बवाल
परिजनों की असहमति के कारण नाबालिग लड़की ने यह कदम उठाया. सुबह के लगभग 6 बजे लड़की मोबाइल टावर पर चढ़ गई. सुबह के समय टहलने निकले लोगों की नजर जब टावर पर पड़ी, तो पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने लड़की को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपने प्रेमी के साथ शादी करने की जिद पर अड़ी रही. हालांकि इस दौरान प्रेमी युवक और उसके परिजन मौके पर नहीं पहुंचे.
लड़की को थाने ले गई पुलिस
यह मामला लगभग 2 घंटों तक चला, जिसके बाद पुलिस ने लड़की को समझाकर नीचे उतारा. पुलिस लड़की को थाने ले गई और लड़के और उसके परिजनों को बुलाया. पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि लड़की नाबालिग है और ऐसे मामले में युवाओं की काउंसलिंग बेहद जरूरी है. फिलहाल पुलिस लड़की और लड़का दोनों पक्षों के साथ में बातचीत कर रही है.
यह भी पढ़ें- सोसाइटी गेट पर सिक्योरिटी गार्ड को मारा थप्पड़, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात; पुलिस ने शुरू की जांच
