महाराष्ट्र के नागपुर में IIIT के एक छात्र ने हॉस्टल की 9वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली. छात्र पढ़ाई को लेकर मानसिक तनाव में था, जिसके कारण उसने यह खौफनाक कदम उठाया.

नागपुर में छात्र ने किया सुसाइड
महाराष्ट्र के नागपुर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. नागपुर में एक छात्र ने पढ़ाई के दबाव और मानसिक तनाव के कारण सुसाइड कर लिया. जिसके बाद इस घटना ने शैक्षणिक दबाव और मानसिक तनाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जानकारी के मुताबिक नागपुर में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन एंड टेक्नोलॉजी (IIIT) के एक छात्र ने हॉस्टल की 9वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली.
सेकंड ईयर का छात्र था मृतक
इस घटना के बाद पूरे कैंपस में शोक की लहर दौड़ गई है. मृतक की पहचान कोल्हापुर निवासी श्रेयश चंद्रकांत माने के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि मृत छात्र संस्थान में सेकंड ईयर का छात्र था. यह घटना सोमवार सुबह लगभग 4 बजे के आसपास हुई है. जिसके बाद कॉलेज प्रशासन और छात्रों में अफरा-तफरी मच गई है. बताया जा रहा है कि मृत छात्र पढ़ाई को लेकर तनाव में थी.
पिछले दिनों से चिंतित था छात्र
जानकारी के मुताबिक छात्र की सेमेस्टर परीक्षा होने वाली थी और उसकी पढ़ाई पूरी नहीं हो पाई थी, जिसको लेकर वह तनाव में था. मृतक के दोस्तों के मुताबिक वह पिछले कुछ दिनों से काफी चिंता में था. घटना की जानकारी मिलते ही बटबुरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है.
छात्रों ने कैंपस में किया प्रदर्शन
पुलिस के मुताबिक मृत छात्र के मोबाइल को जांच के लिए भेजा गया है और उसके अनलॉक होने के बाद उसकी जांच की जाएगी. इस घटना से नाराज होकर छात्रों ने कैंपस में विरोध प्रदर्शन भी किया है. छात्रों ने प्रदर्शन करते हुए मांग की है कि छात्रों के लिए काउंसलिंग और सपोर्ट सिस्टम को मजबूत किया जाए, जिससे इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके. फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच कर रही है.
