उत्तराखंड की देहरादून पुलिस ने बड़े अंतरराज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गैंग के सरगना को गिरफ्तार किया है. आरोपी खुद को बड़े कांग्रेस नेता का निजी सचिव बताकर नेताओं और जनप्रतिनिधियों से ठगी का काम करता था.

ठगी का आरोपी गिरफ्तार
उत्तराखंड पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है. उत्तराखंड की देहरादून पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए गैंग के सरगना को गिरफ्तार किया है. जानकारी के मुताबिक आरोपी अपने आप को एक प्रमुख कांग्रेस नेता का निजी सचिव बताकर नेताओं और जनप्रतिनिधियों से ठगी का काम करता था. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक गलियारों में अफरा-तफरी मच गई है.
महिला नेता से 25 लाख की ठगी
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान गौरव कुमार उर्फ कनिष्क सिंह के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक आरोपी ने देहरादून की महिला नेता भावना पांडे को उत्तराखंड में सर्वे कराने और पार्टी में अहम पद दिलाने जैसा झांसा दिया था. जिसके चलते उसने महिला नेता से लगभग 25 लाख रुपए की ठगी की थी. बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपने एक साथी से नकदी मंगवाई और उसके बाद फरार हो गया.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
इस मामले में जानकारी मिलते ही एसएसपी देहरादून ने मामले का संज्ञान लिया और टीम गठित कर दी. कई दिनों तक खोजबीन के बाद पुलिस ने आरोपी को जाखन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान भी आरोपी ने कई खुलासे किए हैं. आरोपी ने बताया कि वह गूगल और कई राजनीतिक वेबसाइटों से बड़े नेताओं और उनके करीबियों की जानकारी को इकट्ठा करता था. जिसके बाद में वह ठगी को अंजाम देता था.
राजस्थान और बिहार में ठगी
आरोपी ने राजस्थान में भी 2 नेताओं से टिकट दिलाने के नाम पर 2 करोड़ रुपए की ठगी की है, वहीं बिहार में एक नेता को पद दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी की है. पुलिस के मुताबिक आरोपी के उत्तराखंड के कई नेताओं के साथ संपर्क हैं, जिससे वह आसानी के साथ लोगों का भरोसा जीत लेता है. पुलिस ने आरोपी के पास से 2 मोबाइल और एक डोंगल बरामद किया है. फिलहाल पुलिस इस मामले में लगातार जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ कर रही है.
