UP Weather Update:उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट लेने वाला है. मौसम विभाग ने 9 मई के लिए ताजा अपडेट जारी करते हुए पूर्वांचल और उससे सटे इलाकों में ‘येलो अलर्ट’ जैसी स्थिति का संकेत दिया है. यानी भीषण गर्मी के बीच राहत की बूंदें गिरने के आसार बन रहे हैं. मौसम विभाग ने आज यानी 9 मई के लिए यूपी समेत कई राज्यों में तेज आंधी, बिजली गिरने और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम
यूपी में आज, 9 मई 2026 को मौसम मिला-जुला रहने वाला है. राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कुछ क्षेत्रों में तापमान में वृद्धि देखी जा सकती है. यूपी के बांदा में 39°C, कानपुर में 36°C और लखनऊ में 35°C तापमान रहने की संभावना है. आगरा और प्रयागराज अपेक्षाकृत थोड़ा राहत भरे रहेंगे जहां अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री के आसपास रहेगा.
जानिए पूर्वी यूपी का मौसम
पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज यानी 9 मई की शाम में गरज, बिजली और तेज हवाओं (गति 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे तक) के साथ कहीं-कहीं से लेकर छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वांचल और तराई बेल्ट के कई जिलों में 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, जिनके झोंके 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं. इसके साथ ही बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है.
पढ़ें लखनऊ का हाल
राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश का असर देखने को मिल सकता है. लखनऊ-मलिहाबाद क्षेत्र के मौसम आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया. अगले सात दिनों में तापमान लगातार बढ़ने के संकेत हैं और 12 से 14 मई के बीच पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. हालांकि बीच-बीच में बादलों की आवाजाही और तेज हवाओं से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है.
इन जिलों में चलेंगी 50 km की रफ्तार से हवाएं,बारिश-बिजली का अलर्ट
जिन जिलों में 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलेंगी उनमें से प्रमुख हैं….प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, संत कबीर नगर, महाराजगंज एवं आसपास के इलाके. वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, भदोही, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, संत कबीर नगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया. इन सभी मुख्य जिलों से सटे इलाकों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा
किसान रहें सतर्क
अचानक होने वाली इस बारिश और आंधी से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी. हालांकि, मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे कटी हुई फसल और खलिहानों का ध्यान रखें, क्योंकि तेज हवा और बारिश से फसलों को नुकसान हो सकता है.
ये भी पढ़ें: 55 की उम्र, सत्ता का शिखर और फिर भी अकेले! शुभेंदु अधिकारी ने क्यों नहीं की शादी? खुद ही बताई असली वजह
