कोलकाता में आज शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं. जिसको देखते हुए कोलकाता पुलिस हाई अलर्ट पर है. कई जगहों पर ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किया गया है.

शुभेंदु अधिकारी लेंगे CM पद की शपथ
पश्चिम बंगाल के लिए आज यानी 9 मई बेहद खास दिन होने वाला है. बंगाल को आज नया मुख्यमंत्री मिलने जा रहा है. आपको बता दें कि शुक्रवार को हुई बीजेपी विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी को नेता चुना गया था. जिसके बाद आज अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं. कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शुभेंदु अधिकारी का शपथ ग्रहण समारोह है.
अलर्ट पर कोलकाता पुलिस
जानकारी के मुताबिक बंगाल में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी, गृह अमित शाह के साथ बीजेपी के बड़े और दिग्गज नेता शामिल हो सकते हैं. समारोह को लेकर कोलकाता पुलिस भी पूरी तरह से अलर्ट पर है. पुलिस ने ब्रिगेड परेड मैदान के आसपास और शहर में सुरक्षा व्यवस्था को सख्त कर दिया है. आपको बता दें कि कोलकाता शहर में मालवाहक वाहनों के आने-जाने पर रोक लगा दी गई है.
इन रास्तों पर वाहनों की आवाजाही कम
आपको बता दें कि कोलकाता पुलिस ने शुक्रवार को देर शाम ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. जिसमें बताया गया है कि एस्प्लेनेड रैंप, खिदिरपुर रोड, हॉस्पिटल रोड, कैसुअरीना एवेन्यू और क्वींस वे वाहनों की आवाजाही कम रहेगी. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड और कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले सभी रास्तों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है.
कई लेयर में सुरक्षा घेरा
बताया जा रहा है कि समारोह स्थल के आसपास कई लेयर में सुरक्षा घेरा बनाया गया है. कई जगहों पर गंभीरता को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किया गया है. लोगों से ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने के लिए कहा गया है. पुलिस ने बताया कि शनिवार की सुबह 4 बजे से रात 8 बजे तक कोलकाता में मालवाहक वाहनों के आने-जाने पर रोक रहेगी.
यह भी पढ़ें- 55 की उम्र, सत्ता का शिखर और फिर भी अकेले! शुभेंदु अधिकारी ने क्यों नहीं की शादी? खुद ही बताई असली वजह
