Tamil Nadu CM Vijay:रविवार को एक भव्य समारोह में सी जोसेफ विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली. इस समारोह में कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी भी उपस्थित थे. नए सीएम के मंत्रिमंडल में युवा और अनुभवी नेताओं का मिश्रण है. विजय के माता-पिता – एस ए चंद्रशेखर और शोभा, अभिनेत्री तृषा और कई अन्य आमंत्रित अतिथि जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित समारोह में शामिल हुए. अपने पहले संबोधन में विजय ने कहा कि उनका कोई शाही परिवार नहीं है और लोगों ने उनका स्वागत और स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि वे झूठे वादों से लोगों को धोखा नहीं देंगे।
मंत्रिमंडल में युवा चेहरे
राज्यपाल आर.वी. अर्लेकर ने विजय और उनके नौ मंत्रिमंडल सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई, जिनमें द्रविड़ियन दिग्गज के.ए. सेंगोत्तैयान और युवा चेहरे डॉ. टी.के. प्रभु और एस. कीर्तना शामिल थे.
परंपरा से हटकर रहा ड्रेस कोड
रविवार को विजय अपने ट्रेडमार्क सफेद कमीज और बेज/खाकी पतलून से हटकर एक अलग रूप में नजर आए. उन्होंने साफ सफेद कमीज, गहरे रंग की पतलून पहनी थी और उसके ऊपर ब्लेजर लगाया था.
इन पार्टियों का मिला समर्थन
जिन पार्टियों से टीवीके को मिला समर्थन
कांग्रेस के 5 विधायक
सीपीआई के 2 विधायक
सीपीआई(एम) के 2 विधायक
आईयूएमएल के 2 विधायक
वीसीके के 2 विधायक
कुल संख्या: 107 (TVK की प्रभावी संख्या) + 13 (सहयोगी दल) = 120 विधायक (बहुमत के आंकड़े 118 से दो ज्यादा)
गठबंधन की ताकत
हालांकि VCK और IUML अभी भी खुद को DMK के नेतृत्व वाले गठबंधन का हिस्सा बता रहे हैं, लेकिन उन्होंने राज्य में राष्ट्रपति शासन रोकने के लिए विजय को “बिना शर्त” समर्थन दिया है. विजय की पार्टी के 107 विधायकों में से 93 पहली बार विधानसभा पहुंचे हैं, जिनकी औसत उम्र मात्र 45 वर्ष है.
द्रविड़ पार्टियों के वर्चस्व का अंत!
बता दें कि विजय की महज दो साल पुरानी पार्टी तमिलागा वेट्ट्री कजगम यानी TVK ने अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में 234 में 108 सीटें जीत ली. उसने अपने पहले ही चुनाव में शानदार राजनीतिक बदलाव दिखाते हुए तमिलनाडु विधानसभा में 108 सीटें जीत लीं. विजय ने पार्टी को एक धर्मनिरपेक्ष संगठन के रूप में पेश किया. टीवीके की ऐतिहासिक जीत के साथ ही राज्य में करीब 6 दशकों से चले आ रहे द्रविड़ पार्टियों के वर्चस्व का अंत हो गया.
ये भी पढ़ें: Vijay Oath Ceremony:अनुभवी दिग्गजों से लेकर युवा चेहरों तक, ये हैं विजय वो 9 मंत्री जो बदलेंगे तमिलनाडु की किस्मत
