Aligarh News: ताला नगरी अलीगढ़ शहर के रामघाट रोड स्थित चर्चित सिल्वर पल्स रेस्टोरेंट में शनिवार रात उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब एक जैन परिवार को कथित तौर पर शाकाहारी सूप की जगह चिकन मिला सूप परोस दिया गया. घटना के बाद परिवार ने इसे धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ और उपभोक्ता अधिकारों का गंभीर उल्लंघन बताते हुए पुलिस से शिकायत की है.
स्वीट कॉर्न सूप की जगह परोसा गया चिकन सूप
पीड़ित इशांत जैन पुत्र प्रदीप जैन निवासी रेलवे रोड, थाना गांधीपार्क अपने माता-पिता, छोटे भाई और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ डिनर के लिए रेस्टोरेंट पहुंचे थे. परिवार ने “स्वीट कॉर्न सूप” ऑर्डर किया, जिसे वेज बताकर परोसा गया. आरोप है कि सूप पीते समय उसमें चिकन के टुकड़े दिखाई दिए. यह देखकर परिवार हैरान रह गया और रेस्टोरेंट में विरोध शुरू हो गया.
रेस्टोरेंट ने की मामला दबाने की कोशिश
इशांत जैन का आरोप है कि ऑर्डर लेने वाले शेफ का नाम इमरान बताया गया. शिकायत करने पर रेस्टोरेंट स्टाफ ने पहले मामले को दबाने की कोशिश की और बाद में जिम्मेदारी से बचता रहा. परिवार का कहना है कि विवाद बढ़ने पर संबंधित शेफ को चुपचाप वहां से हटा दिया गया. पीड़ित ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी.
पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली. परिवार ने प्रशासन से रेस्टोरेंट के किचन की जांच कराने, वेज और नॉनवेज भोजन के लिए अलग व्यवस्था की पड़ताल करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.
