उत्तर प्रदेश के बागपत से एक सिपाही का वीडियो वायरल हो रहा है. जिसमें वह खुद को कुख्यात बदमाश सुंदर भाटी का भतीजा बता रहा है. वीडियो में सिपाही नशे की हालत में खुलेआम धमकी देता नजर आ रहा है.

सिपाही ने लहराई पिस्टल
पुलिस को आम लोगों का रक्षक माना जाता है और वे देश के लोगों की सुरक्षा में बॉर्डर के अंदर तैनात रहकर अपना फर्ज निभाते हैं, लेकिन अगर कोई पुलिसकर्मी ही गुंडों की तरह धमकी देने लगे, तो आम जनता किसके पास जाएगी. उत्तर प्रदेश के बागपत से एक ऐसा ही मामला सामने आया है. बागपत जिले में तैनात एक सिपाही पिस्टल लहराते हुए नजर आ रहा है. जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है.
फिल्मी अंदाज में दे रहा धमकी
सिपाही के द्वारा पिस्टल लहराने वाले वीडियो ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचाकर रख दिया है. वीडियो देखने के बाद आम लोगों के अंदर डर और नाराजगी बैठ गए हैं. आपको बता दें कि वायरल वीडियो में सिपाही नशे में दिखाई दे रहा है. वीडियो में वर्दीधारी सिपाही अपने हाथ में पिस्टल पकड़े हुए और उसे लोड करता हुआ नजर आ रहा है. इसी के साथ सिपाही खुलेआम फिल्मी अंदाज में धमकी भी देता नजर आ रहा है.
मैं सुंदर भाटी का भतीजा हूं- सिपाही
वायरल वीडियो में सिपाही अपने आप को कुख्यात बदमाश सुंदर भाटी का भतीजा बता रहा है. वीडियो में वह कह रहा है कि मैं हूं सुंदर भाटी का भतीजा, जिसमें दम हो और जो करना है कर लो. इस दौरान सिपाही नशे की हालत में नजर आ रहा है. जानकारी के मुताबिक वायरल सिपाही की पहचान दीपक भाटी के रूप में हुई है और वह बागपत के चांदीनगर थाने में तैनात है.
मामले में जांच के आदेश
आपको बता दें कि अभी तक फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि वायरल वीडियो कब का है, लेकिन इसके बात प्रशासन अलर्ट हो गया है. मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए हैं. अधिकारियों ने बताया कि वीडियो की जांच की जाएगी और अगर वह दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल इस घटना के बाद पुलिस की छवि और अनुशासन के ऊपर फिर से सवाल खड़े हो गए हैं.
यह भी पढ़ें- ‘इन्वेस्ट करो और लाखों कमाओ’, दिल्ली पुलिस ने किया साइबर ठगी गैंग का पर्दाफाश; 3 आरोपी गिरफ्तार
