महाराष्ट्र के नागपुर में एक युवक ने प्रेमिका से विवाद के बाद सुसाइड कर लिया. इस दौरान उसने अपनी प्रेमिका को वीडियो कॉल करके कहा कि मुझे आखिरी बार देख ले. पुलिस मामले में जांच कर रही है.

नागपुर में युवक ने किया सुसाइड
महाराष्ट्र के नागपुर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां शादी की तैयारियां कर रहे एक युवक ने अचानक आत्महत्या कर ली. इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. जानकारी के मुताबिक पूरी घटना नागपुर के लकड़गंज थाना क्षेत्र के दाणागंज इलाके की है. बताया जा रहा है कि दाणागंज में रहने वाले युवक का उसके घर से सामने रहने वाली युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था.
शादी को परिवारों ने दे दी थी मंजूरी
मृतक की पहचान आयुष वामन के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि आयुष का उसके घर के सामने रहने वाली 19 साल की युवती के साथ प्रेम प्रसंग था और दोनों एक-दूसरे के साथ शादी करने की योजना भी बना रहे थे. दोनों के परिवारों को भी इस रिश्ते की जानकारी थी और उन्होंने शुरुआती बातचीत के बाद में दोनों के संबंधों को मंजूरी दे दी और शादी के लिए मान गए.
प्रेमिका को किया वीडियो कॉल
जिसके बाद इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. जिसके बाद आयुष ने अपनी प्रेमिका को वीडियो कॉल किया और उससे कहा कि मुझे आखिरी बार देख ले. जिसके बाद लड़की ने तुरंत ही परिवार को इसकी जानकारी दी, लेकिन जब तक परिवार मौके पर पहुंचा तब तक आयुष ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया. जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया.
युवती ने काट ली हाथ की नस
युवती भी अपने प्रेमी के शव को देखकर खुद को संभाल नहीं पाई और घर पहुंचकर चाकू से हाथ की नस काटकर सुसाइड की कोशिश करने लगी. हालांकि समय रहते युवती को अस्पताल पहुंचाया गया और उसकी इलाज कराया जा रहा है. इस मामले में पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है. आत्महत्या करने से पहले आयुष ने अपने मोबाइल से सभी चैट्स डिलीट कर दिए थे. पुलिस ने मृतक का मोबाइल फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है. मामले में लगातार पुलिस जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- राजस्थान पुलिस ने चलाया स्पेशल ऑपरेशन! 3 दिनों में 1600 से ज्यादा आरोपी गिरफ्तार; 605 जगहों पर की गई छापेमारी
