राजस्थान पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ 3 दिनों का स्पेशल ऑपरेशन चलाया. इस दौरान पुलिस ने 1,600 से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इसके तहत राज्य में 605 जगहों पर छापेमारी की गई है.

एक्शन में राजस्थान पुलिस
राजस्थान पुलिस इन दिनों एक्शन में दिखाई दे रही है. राजस्थान पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन चलाया है. पुलिस ने इस 3 दिनों के स्पेशल ऑपरेशन में 1,600 से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मामले में जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया है कि 11 मई तक पूरे राज्य में एक विशेष अभियान चलाया गया है, जिसके तहत राज्य में गैंगस्टरों, अवैध हथियार तस्करों और अपराध से जुड़े लोगों के खिलाफ एक साथ कार्रवाई की गई.
गिरफ्तार किए 1,617 आरोपी
जानकारी के मुताबिक इस ऑपरेशन का मकसद अपराधी गिरोहों की गतिविधियों पर रोक लगाना, अवैध हथियारों की सप्लाई चेन को तोड़ना और लंबे समय से फरार अपराधियों को गिरफ्तार करना था. इस ऑपरेशन के तहत पुलिस की टीम ने राज्य में कई जिलों पर एक साथ छापेमारी की और अपराधियों के ठिकानों को निशाना बनाया है. इस दौरान पुलिस ने 1,617 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
605 जगहों पर की गई छापेमारी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कई ऐसे अपराधी भी शामिल हैं, जो लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से फरार चल रहे थे. बताया जा रहा है कि पुलिस ने इस ऑपरेशन के तहत राज्य में लगभग 605 जगहों पर छापेमारी की है. ये जगहें कुख्यात अपराधियों और गैंगस्टरों से जुड़ी हुई बताई जा रही हैं. इन जगहों पर छापेमारी से पुलिस को कई सबूत मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई
इस ऑपरेशन के दौरान अवैध हथियारों के खिलाफ भी बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई है. पुलिस ने इस दौरान 1,124 संदिग्धों की जांच करके 417 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इस दौरान भारी मात्रा में अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं. इन हथियारों का इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों में किया जाना था. पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान शस्त्र अधिनियम के तहत 121 नए मामले भी दर्ज किए हैं.
यह भी पढ़ें- ‘बस कुछ देर में वापस आऊंगा…’, घूमने गए इकलौते बेटे का वापस लौटा शव; तापी नदी में डूबने से मौत
