गुजरात के जूनागढ़ में एक कार्यक्रम के दौरान मंच पर जमकर रुपयों की बारिश की गई है. कविराज जिग्रेश के लोक संगीत के दौरान मंच पर बोरियों और थैलों में भरकर लोगों ने पैसे उड़ाए हैं.

बोरियों और थैलों से उड़ाए गए पैसे
गुजरात के जूनागढ़ जिले में एक अनोखा और बिल्कुल अलग नजारा देखने को मिला है. जूनागढ़ के मालिया हाटीना में आयोजित कविराज जिग्रेश के लोक संगीत के दौरान मंच पर जमकर रुपयों की बारिश हुई है. इस दौरान लोगों ने हाथों से तो रुपए उड़ाए ही, लेकिन इसी के साथ थैलों और बोरियों में भी भरकर रुपए लुटाए गए हैं. अब इस कार्यक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है.
लोक संगीत का किया था आयोजन
जानकारी के मुताबिक खंभालिया में प्रयागराज ग्रुप से द्वारा भगवद सप्ताह ज्ञानयज्ञ का आयोजन किया गया था और इसी दौरान लोक संगीत और भजनों से सजे डायरे का भी आयोजन किया गया था. इस आयोजन में कविराज जिग्नेश ने श्रीकृष्ण और दोस्ती पर आधारित ऐसे भजनों को लोगों के सामने प्रस्तुत कर किया, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो गया.
मंच पर उड़ने लगे पैसे
इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोग भजनों की धुन में झूमने लगे. इसी समय प्रसिद्ध लोक कलाकार मायाभाई आहिर के बेटे जयराज आहिर भी मंच पर पहुंचे और उन्होंने भी खुलकर रुपए उड़ाए. रुपए उड़ाने की शुरूआत में लोग हाथों से नोटों के बंडल उड़ाते हुए दिखे, लेकिन जैसे-जैसे लोक संगीत का कार्यक्रम रंग में आया, वैसे ही लोगों ने थैलियों और बोरियों में नोट भरकर उन्हें उड़ाना शुरू कर दिया.
धार्मिक आयोजन में इस्तेमाल होंगे पैसे
बताया जा रहा है कि इस दौरान लगभग डेढ़ से दो घंटों तक यह कार्यक्रम चला और लगातार मंच पर रुपए उड़ाए जाते रहे. आयोजकों के मुताबिक कार्यक्रम के दौरान उड़ाए गए रुपए धार्मिक आयोजन और सेवा के कामों के लिए इस्तेमाल किए जाएंगे. अब इस कार्यक्रम के वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहे हैं. लोग इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें- मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर पलटी वैन! 17 करोड़ की चांदी थी मौजूद; पुलिस ने बनाया सुरक्षा घेरा
