Uttar Pradesh Aaj Ka Mausam: उत्तर प्रदेश में भयंकर गर्मी पड़ रही है. कई जिले तो भट्टी की तरह तप रहे हैं. रविवार को यूपी का सबसे गर्म जिला एक बार फिर बांदा रहा, इसके अलावा झांसी और प्रयागराज में भी तापमान आसमान छू रहा है। यूपी में खासतौर से बुंदलेखंड समेत दक्षिणी जिलों में झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है. मौसम विभाग के मुताबिकआने वाले दिनों में दिन के समय हालात और अधिक मुश्किल हो सकते हैं.
यूपी में 18 मई को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी में दिनभर मौसम शुष्क रहेगा. दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को भीषण गर्मी का एहसास कराएंगी. दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी लोगों को बेहाल करेगी. आगरा, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी और बांदा में 18 मई को भीषण हीटवेव का असर देखने को मिलेगा. आगरा में तापमान 46°C, प्रयागराज और बनारस में 47°C तक पहुंचने का अनुमान है. मौसम विभाग ने इन शहरों में हीटवेव वॉर्निंग जारी की है. दोपहर के समय सड़कों पर गर्म हवाओं का असर सबसे ज्यादा रहेगा. बात करें लखनऊ की तो यहां तापमान 43°C तक जा सकता है, लेकिन वहां औपचारिक हीटवेव चेतावनी नहीं है. यूपी के इन शहरों में रात का तापमान भी 28-31°C के बीच रहेगा, जिससे लोगों को रात में भी राहत नहीं मिलेगी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ कमजोर होने के कारण अगले 72 घंटे तक गर्मी और तेज हो सकती है.
यूपी के 33 जिलों में लू का अलर्ट
सोमवार के लिए प्रदेश के 33 जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है. ये जिले हैं… बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़,बलिया, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत आसपास के इलाकों में लू चलने की चेतावनी जारी की है।
यूपी का बांदा देश में सबसे गर्म
उत्तर प्रदेश इस समय देश के सबसे गर्म राज्यों में शामिल है. बांदा में शनिवार को 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो देश में सबसे अधिक रहा. आईएमडी ने 17 से 23 मई तक पूरे राज्य में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है.
पूर्वी यूपी में भी गर्म हवाएं लोगों को करेंगी बेहाल
आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 से 23 मई के बीच गंभीर हीटवेव की स्थिति बन सकती है. लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, आगरा, झांसी और नोएडा जैसे शहरों में तापमान 45 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है. पूर्वी यूपी में भी गर्म हवाएं लोगों को बेहाल करेंगी.
कब मिलेगी राहत
हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि महीने के आखिरी सप्ताह में कुछ इलाकों में हल्की बारिश और आंधी की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं, जिससे तापमान में थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
रहें सावधान
विशेषज्ञों का कहना है कि इस दौरान दोपहर के समय बाहर निकलना स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकता है. खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. तेज गर्मी के कारण दिन के समय लोगों को बेवजह घर से बाहर न निकलने और लगातार पानी पीते रहने की सलाह दी गई है.
ये भी पढ़ें: चीख-पुकार से दहला लखीमपुर: पिकअप के उड़े परखच्चे, हादसे में 8 ने गंवाई जान, घायलों के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
