उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक युवक ने ढाबे से चिकन खरीदा, जिसमें मरी हुई छिपकली निकली. जिसे खाने पर युवक की तबीयत खराब हो गई और उसे मेरठ रेफर कर दिया गया.

चिकन की प्लेट में निकली छिपकली
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. मुजफ्फरनगर के मीरापुर में एक युवक के खाने के बीच में मरी हुई छिपकली निकली है. जानकारी के मुताबिक युवक ने रात में खाने के लिए चिकन मंगाया था. जब युवक ने चिकन की प्लेट ली, तो वह देखने में बिल्कुल सामान्य लग रही थी. इसी दौरान प्लेट के बीच में एक अजीब चीज दिखी, जिसके बाहर निकालने पर पता लगा कि वह मरी हुई छिपकली है.
परिवार ने बनाया वीडियो
जानकारी के मुताबिक युवक ने मीरापुर के होटल अलकरीम से सोमवार रात में चिकन खरीदा था. जिसके बाद रोहन नाम के व्यक्ति ने जब घर जाकर चिकन खाना शुरू किया, तो उसका टेस्ट बदला हुआ लगा. जब परिवार वालों ने सब्जी को ध्यान से देखा, तो उसमें मरी हुई छिपकली पड़ी हुई थी. इस घटना को लेकर परिवार ने वीडियो भी रिकॉर्ड किया है.
युवक मेरठ किया गया रेफर
रिकॉर्ड किया गया वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि चिकन खाने के कुछ ही देर बाद रोहन की तबीयत खराब होने लगी और उसे उल्टियां होने लगीं. परिजनों ने युवक की हालत खराब होते देख तुरंत ही अस्पताल में दिखाया, जिसके बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेरठ रेफर कर दिया. मेरठ में लगातार युवक का इलाज किया जा रहा है.
होटल को किया गया सील
मामले का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया और मंगलवार को पुलिस, तहसील प्रशासन और फूड इंस्पेक्टर होटल पर पहुंचे. जिसके बाद सैंपल की जांच करके होटल को सील कर दिया गया. CO ऋषिका सिंह ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि ढाबे से चिकन खरीदकर खाने के कारण युवक की तबीयत खराब हुई थी, इस मामले में कार्रवाई करते हुए होटल को सील कर दिया गया है.
यह भी पढ़ें- लखनऊ यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर के खिलाफ कार्रवाई, छात्रा से बोला-डार्लिंग, एग्जाम से पहले आओ
