प्रधानमंत्री मोदी के कर्नाटक दौरे के दौरान जिलेटिन की छड़ें मिली थीं. जिस मामले में अब जांच करते हुए 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है. इन पुलिसकर्मियों को सुरक्षा में चूक देखते हुए सस्पेंड किया गया है.

6 पुलिसकर्मी सस्पेंड
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीते दिनों में कर्नाटक दौरे पर गए थे. उनके दौरे से ठीक पहले बेंगलुरु में जिलेटिन की छड़ें मिली थीं, जिस मामले में लगातार जांच हो रही है. अब इस मामले में राज्य के 6 पुलिसकर्मियों को जांच पूरी होने तक के लिए सस्पेंड कर दिया गया है. पुलिसकर्मियों को सुरक्षा में चूक देखते हुए सस्पेंड किया गया है. आपको बता दें कि पीएम मोदी के तय दौरे के दौरान ही बेंगलुरु के बाहरी इलाके में जिलेटिन की छड़ें मिली थीं.
ड्यूटी में लापरवाही बरतने का आरोप
अब इस मामले में जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई की गई है. बेंगलुरु दक्षिण जिले के SP आर श्रीनिवास गौड़ा के आदेश पर 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है. इनमें पुलिस सब-इंस्पेक्टर (PSI), एक असिस्टेंट पुलिस सब-इंस्पेक्टर (ASI) और 4 कांस्टेबल शामिल हैं. इन सभी को ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने के आरोप में सस्पेंड किया गया है. यह पूरी घटना 10 मई को हुई थी.
विस्फोटक सामग्री हुई थी बरामद
आपको बता दें कि 10 मई को कनकपुरा रोड के पास में जंगल वाले इलाके से सटी हुई एक कच्ची सड़क से 20 फीट की दूरी पर जिलेटिन की 2 छड़ें, 6 अगरबत्तियां और एक माचिस के साथ सेलोफेन टेप, बैटरी पैक, तार और सर्किट बोर्ड जैसी दिखने वाली चीजें बरामद हुई थीं. जिसके बाद लगातार मामले में जांच की जा रही है. इस मामले में पुलिस ने विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4 और विस्फोटक अधिनियम की धारा 9B के तहत FIR दर्ज की है.
अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं
इन विस्फोटकों को पीएम मोदी के दौरे से लगभग डेढ़ घंटे पहले बरामद किया गया था. जिसके बाद से लगातार जांच की जा रही है. हालांकि इस मामले को लेकर अभी तक किसी भी तरह की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है. साथ ही यह भी पता नहीं लगा है कि यह विस्फोटक सामग्री कहां से और कब आई थी. इस जांच में मदद करने के लिए दिल्ली से एक NIA की टीम भी आई थी, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है.
यह भी पढ़ें- ‘मेहनत बेकार हो गई…’, NEET परीक्षा रद्द होने से टूट गई छात्रा; फांसी लगाकर किया सुसाइड
