Haridwar To Lakhanpur: हरिद्वार की एक पढ़ी-लिखी युवती (सोनम) को जम्मू-कश्मीर की लखनपुर पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया है कि परिवार की खराब आर्थिक स्थिति का फायदा उठाकर ‘उमर’ नामक युवक ने उसे झांसे में लिया और कूरियर से एटीएम-चेकबुक भेजकर करीब 20 लाख रुपये का संदिग्ध ट्रांजैक्शन करवाया था.

Haridwar To Lakhanpur: हरिद्वार की रहने वाली एक पढ़ी-लिखी युवती अब बड़े पुलिस मामले में फंस गई है. जम्मू-कश्मीर की लखनपुर पुलिस ने हरिद्वार से सोनम नाम की ग्रेजुएट लड़की को गिरफ्तार किया है. मामला पाकिस्तान के जरिए करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन से जुड़ा बताया जा रहा है. पुलिस जांच में सामने आया है कि सोनम बैंक खातों के जरिए पैसों का ट्रांसफर कर रही थी. हरिद्वार पुलिस ने भी इस गिरफ्तारी की पुष्टि की है. अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है.
पुलिस के अनुसार सोनम हरिद्वार के कलियर इलाके की रहने वाली है. वह पढ़ी-लिखी है और ग्रेजुएशन कर चुकी है. लेकिन परिवार की आर्थिक हालत बेहद खराब बताई जा रही है. घर में कमाई का कोई मजबूत साधन नहीं था. पैसों की तंगी के कारण वह परेशान रहती थी. इसी दौरान उसकी मुलाकात धनोरी में रहने वाली एक सहेली से हुई. उसी सहेली के जरिए वह उमर नाम के युवक के संपर्क में आई. बताया जा रहा है कि उमर ने जल्दी पैसे कमाने का लालच देकर उसे इस काम में शामिल कर लिया.
पूछताछ में सोनम ने पुलिस को बताया कि उसने उमर को अपने घर की आर्थिक परेशानी के बारे में बताया था. इसके बाद उमर ने अपने एक रिश्तेदार से उसकी बात कराई. फिर कुछ दिनों बाद उसके पास कई बैंक खातों की चेकबुक, पासबुक और एटीएम कार्ड भेजे गए. पुलिस के मुताबिक ये सामान कूरियर के जरिए पहुंचाया गया था. सोनम को बताया गया कि इन खातों को कैसे इस्तेमाल करना है और पैसे कैसे ट्रांसफर करने हैं. धीरे-धीरे वह इस पूरे नेटवर्क का हिस्सा बन गई.
जांच एजेंसियों के अनुसार इन बैंक खातों में लगातार पैसे आते थे. फिर सोनम को निर्देश दिए जाते थे कि रकम कहां भेजनी है. कुछ पैसे यूपीआई के जरिए दूसरे खातों में भेजे जाते थे और कुछ रकम एटीएम से निकालनी होती थी. पुलिस का कहना है कि अब तक करीब 20 लाख रुपये इस नेटवर्क के जरिए ट्रांसफर किए जा चुके हैं. इसके बदले सोनम को करीब 2 लाख रुपये कमीशन के तौर पर मिले थे. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे नेटवर्क के पीछे और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं.
हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सभी जरूरी दस्तावेज देने के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी की और फिर सोनम को गिरफ्तार किया गया. चूंकि इस मामले का मुख्य केस जम्मू-कश्मीर में दर्ज है, इसलिए आगे की जांच वहीं की पुलिस करेगी. हरिद्वार पुलिस भी जांच एजेंसियों के संपर्क में बनी हुई है. इस गिरफ्तारी के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है. लोग हैरान हैं कि एक पढ़ी-लिखी लड़की किस तरह पैसों के लालच में इतने बड़े मामले में फंस गई.
