UP Rain Alert Today: उत्तर प्रदेश में मौसम पूरी तरह करवट ले चुका है. मौसम केंद्र के अनुसार शनिवार को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. यूपी में प्री-मानसूनी बारिश का असर दिख रहा है. शुक्रवार को दिन में प्रदेश पूर्वी से लेकर पश्चिमी हिस्से तक बारिश का असर दिखा. कई इलाकों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने की संभावना जताई गई है. कुछ जगहों पर ओलावृष्टि (Hailstorm) की प्रबल संभावना है. यहां जानिए मौसम विभाग की नई भविष्यवाणी…
आज का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग अलग स्थानों पर 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और बिजली कड़कने की संभावना है. मौसम विभाग ने कहा कि एक जून से बारिश और आंधी धीरे धीरे घटेगी. फिर इसके बाद तीन और चार जून को पूरे उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और राहत आयुक्त कार्यालय यूपी ने इसके लिए विशेष चेतावनी जारी की है.
भयंकर आंधी-तूफान,ओलावृष्टि-वज्रपात Alert
यूपी के कई हिस्सों में ओले गिरने की संभावना जताई गई है. प्रदेश के लगभग सभी जिलों में तेज मेघगर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट है. वाराणसी, बाँदा, गोंडा, श्रावस्ती, बरेली, पीलीभीत और आसपास के इलाके में भारी बारिश का अनुमान है. यूपी में 80 से 90 किमी/घंटा की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने की आशंका है, जो बढ़कर 100 किमी/घंटा तक भी पहुंच सकती है. मुख्य चेतावनी और अलर्ट जारी किया गया है.
इन जिलों में दिखेगा असर
मौसम विभाग के अनुसार यूपी के अलग-अलग हिस्सों में निम्नलिखित असर देखा जा सकता है.जिन जिलों में तेज आंधी-तूफान आ सकती है वो जिले हैं.. लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, मेरठ, आगरा, इटावा, बिजनौर, बांदा, चित्रकूट, मुरादाबाद,सोनभद्र, मिर्जापुर, संत रविदास नगर, लखीमपुर खीरी और हरदोई.
जानिए तापमान
आंधी-पानी के इस अलर्ट के बीच यूपी का औसत अधिकतम तापमान 34°C और न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रहने का अनुमान है. हवा में नमी (आर्द्रता) लगभग 51% दर्ज की जा सकती है. दिन के समय आंशिक रूप से धूप और बादल छाए रहेंगे.
सुरक्षा सलाह
मौसम विभाग और प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें. आंधी और बिजली चमकने के समय खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें.
ये भी पढ़ें: इस्तीफे के बाद भी कर्नाटक में ‘सुपर सीएम’ बनना चाहते थे सिद्धारमैया, हाईकमान ने ऐसे फेरा उनके गुप्त प्लान पर पानी
