डिंडौरी जिले में एक तेज रफ़्तार कार ने बाज़ार आए लोगों को टक्कर मार दी. इस घटना में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है. गुस्साएं ग्रामीणों ने घटना के बाद कार में आग लगा दी.
मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले से हिट एंड रन का एक मामला सामने आया है. शुक्रवार शाम करंजिया क्षेत्र के गोपालपुर चौकी के झनकी गांव में तेज रफ्तार कार ने बाजार आए लोगों को टक्कर मार दी. जानकारी के मुताबिक़ इस हादसे में एक युवक की मौके पर मौत गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए. टक्कर मारने के बाद कार एक दुकान को भी क्षतिग्रस्त करते हुए आगे बढ़ गई. घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने कार में आग लगा दी. हालात बिगड़ने के बाद पुलिस अधिकारियों को मौके पर भेजा गया.
ईकोकार ने मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को झनकी गांव में साप्ताहिक बाजार लगा था. शाम के समय बाजार में कई लोग खरीदारी करने पहुंचे थे. इसी दौरान एक तेज रफ्तार ईको कार भीड़ में घुस गई और लोगों को टक्कर मार दी. बताया जा रहा है कि हादसा इतना गंभीर था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान सहजना गांव निवासी उत्तम धुर्वे (28) के रूप में हुई. बताया जा रहा है कि वह बाजार में खरीदारी करने आया था. चारों घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
ग्रामीणों ने कार में लगा दी आग
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. गुस्साए ग्रामीणों ने कार में आग लगा दी. देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए. हालात ऐसे हो गए कि पुलिस को भी ग्रामीणों को समझाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा. बताया जा रहा है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए आसपास के थानों से पुलिस बल को बुलाना पड़ा. ग्रामीणों के मुताबिक, हादसे में उत्तम धुर्वे की मौत हुई है, जबकि पुरुषोत्तम लाल, विवेक, नरबद और जनक घायल हुए हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए बजाग स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. इनमें से दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
डिंडौरी SP आशीष खरे ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने एसडीओपी को घटनास्थल पर भेजा. इसके अलावा आसपास के थानों से पुलिस बल भी मौके पर भेजा गया. पुलिस हादसे के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है.
