उत्तर प्रदेश के शामली में एक युवक को प्रेम जाल में फंसाकर उसका धर्मांतरण कराया गया. पुलिस ने पीड़ित के पिता की तहरीर पर युवती और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में दूसरे आरोपियों की तलाश की जा रही है.

जिम ट्रेनर ने करवाया धर्मांतरण
उत्तर प्रदेश के शामली जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां दवा कारोबारी के बेटे को महिला जिम ट्रेनर ने प्रेम जाल में फंसाकर धर्मांतरण करवाने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है महिला जिम ट्रेनर ने युवक को हिंदू से मुस्लिम बनाया और दिल्ली ले जाकर उससे निकाह कर लिया. इस मामले में युवक के पिता ने पुलिस से शिकायत की है.
जिम में बढ़ी नजदीकियां
बताया जा रहा है कि शामली के हनुमान टिल्ला क्षेत्र में देवराज मलिक भारत मेडिकल स्टोर नाम से दवा की दुकान को संचालित करते हैं. उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके बेटे आयुष को प्रेम संबंध में फंसाकर धर्मांतरण कराया गया है. उन्होंने बताया कि आयुष की मुलाकात चांदनी कुरैसी नाम की युवती से हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी थीं.
शारीरिक संबंध बनाकर किया ब्लैकमेल
परिवार ने आरोप लगाया कि युवती और उसके परिजनों ने युवक को ब्लैकमेल किया और उसके ऊपर धर्म बदलने का दबाव बनाया. जिसके बाद आयुष को दिल्ली ले जाकर एक मस्जिद में निकाह करवा दिया गया. परिजनों ने दावा किया कि युवक का खतना करवाकर उसे कलमा पढ़ाकर इस्लाम अपनाने के लिए मजबूर किया गया. बताया जा रहा है कि युवती ने आयुष के साथ शारीरिक संबंध बनाए और फिर उसकी वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया.
युवती और पिता गिरफ्तार
इस मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच करते हुए चांदनी कुरैशी और उसके पिता इस्लाम कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने बताया कि मामले से जुड़े हुए दूसरे आरोपियों की तलाश की जा रही है. जानकारी के मुताबिक युवती पहले एक फिजियोथैरेपी सेंटर में काम करती थी, लेकिन आयुष के जिम आने के बाद वह उसी जिम में ट्रेनर बन गई.
यह भी पढे़ं- 6 हजार की नौकरी से करोड़ों की संपत्ति तक! विजिलेंस की रेड में खुली AEE की काली कमाई; घर से 2 करोड़ कैश बरामद
