उत्तर प्रदेश के अयोध्या में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने इनामी और कुख्यात अपराधी भानु प्रताप सिंह उर्फ बब्लू मुठभेड़ के दौरान मार गिराया है. इस कार्रवाई को STF की बड़ी सफलता माना जा रहा है.

STF ने किया कुख्यात का एनकाउंटर
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. STF ने रविवार को देर रात 1 लाख 65 हजार रुपये के इनामी और कुख्यात अपराधी भानु प्रताप सिंह उर्फ बब्लू का एनकाउंटर किया है. STF ने अयोध्या में मुठभेड़ के बाद उसे रविवार रात मार गिराया है. इस एनकाउंटर को STF की बड़ी सफलता माना जा रहा है.
40 मुकदमे थे दर्ज
आपको बता दें कि भानु प्रताप पर हत्या, लूट, रंगदारी सहित गंभीर अपराधों में लगभग 40 मुकदमे दर्ज थे. आरोपी लंबे समय से पुलिस से फरार चल रहा था. STF को जानकारी मिली थी कि भानु अपने साथी के साथ इलाके से गुजरने वाला है, जिसके बाद टीम ने इलाके में घेराबंदी करके वाहन चेकिंग शुरू कर दी. रात लगभग 11 बजे एक संदिग्ध बाइक को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन आरोपियों ने पुलिस की टीम पर फायरिंग कर दी.
जवाबी कार्रवाई में हुआ घायल
टीम पर फायरिंग होने के बाद STF ने जवाबी कार्रवाई की, इस दौरान आरोपी भानु को गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. गोली लगने के बाद आरोपी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया. बताया जा रहा है कि इस मुठभेड़ के दौरान उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा है. पुलिस ने फरार आरोपी की तलाशी शुरू कर दी है.
पूर्वांचल के कई जिलों में आतंक
आपको बता दें कि भानु प्रताप सिंह गोरखपुर का रहने वाला था और पूर्वांचल के कई जिलों में उसका आतंक था. पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि उसके खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश, लूट, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और कई गंभीर धाराओं में लगभग 40 मुकदमे दर्ज थे. आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर इनाम भी घोषित किया गया था. अब उसे मुठभेड़ क बाद मार गिराया गया है.
यह भी पढ़ें- प्रेम जाल, शारीरिक संबंध और ब्लैकमेल! जिम ट्रेनर ने करवाया युवक का धर्मांतरण; पुलिस ने किया गिरफ्तार
