उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक व्यक्ति ने अपने बुजुर्ग पिता के साथ में बेरहमी से मारपीट की है. इस घटना का वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसके बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है.

पिता ने झेली बेटे से जलालत
कहा जाता है कि जब इंसान छोटा होता है, तो उसका पिता उंगली पकड़कर उसे चलना सिखाता है. जिंदगी की मुश्किलों में पिता अपने बेटे का सहारा बनता है. उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने बाप-बेटे के रिश्ते को शर्मसार कर दिया है. यहां एक पिता को अपने ही बेटे के हाथों जलालत झेलनी पड़ी है. घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है.
घटना का सीसीटीवी फुटेज आया सामने
आपको बता दें कि सहारनपुर जिले के कुतुबशेर थाना क्षेत्र के मानकमऊ में एक बेटे ने बीच सड़क पर अपने बुजुर्ग को बुरी तरह से पीटा है. इस मामले का CCTV फुटेज भी सामने आया है. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि व्यक्ति अपने बुजुर्ग पिता के साथ में मारपीट कर रही है.
बीच सड़क पर पिता को पीटा
बताया जा रहा है कि व्यक्ति सड़क पर अपने पिता के साथ मारपीट कर रहा था, जिसका वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया. बुजुर्ग की पहचान हाजी तहसीन के रूप में की गई है. वहीं मारपीट करने वाले व्यक्ति की पहचान गुलफिशान के रूप में की गई है. व्यक्ति ने अपने पिता का गला घोंटने की कोशिश भी की. इस घटना के बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है, लोगों ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
पुलिस ने हिरासत में लिया आरोपी
जानकारी के मुताबिक घरेलू विवाद को लेकर व्यक्ति ने अपने पिता के साथ मारपीट की. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया, जिसके बाद व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है. पुलिस इस मामले में जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल अभी तक परिजनों की तरफ से किसी तरह की तहरीर नहीं दी गई है. पुलिस मामले में जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- रील्स बनाने से किया मना तो फरार हुई पत्नी! घर से नकदी लेकर प्रेमी संग फुर्र; पति बोला- मुझे आपत्ति नहीं
