Kedarnath Fraud Alert: केदारनाथ के दर्शन के लिए देश-विदेश से आ रहे श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ करने और वीआईपी दर्शन के नाम पर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का रुद्रप्रयाग पुलिस ने पर्दाफाश किया है. पुलिस ने केदारनाथ धाम चेकपॉइंट से एक ऐसे शातिर शख्स को गिरफ्तार किया है, जो खुद को IRCTC (भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम) का आधिकारिक एजेंट बताकर सीधे-साधे तीर्थयात्रियों से मोटी रकम वसूल रहा था।
कब सामने आया मामला
यह पूरा मामला 8 जून 2026 को उस समय सामने आया, जब श्री केदारनाथ धाम चेकपॉइंट पर तैनात पुलिसकर्मियों को एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियों के बारे में पुख्ता जानकारी मिली. पुलिस ने घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया गया. पकड़े गए आरोपी की पहचान 31 वर्षीय चिराग के रूप में हुई है, जो हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले का रहने वाला है. उसके पास से 5,000 की नकदी बरामद की है.
फर्जी IRCTC एजेंट बन ठगता था लोगों से पैसे
पुलिस पूछताछ में आरोपी चिराग ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है. उसने बताया कि वह यात्रियों का भरोसा जीतने के लिए फर्जी IRCTC एजेंट बनता था और वीआईपी दर्शन कराने के बहाने प्रति व्यक्ति ₹3,000 वसूलता था. अभी हाल ही में उसने धाम पहुंचे 10 श्रद्धालुओं के एक समूह को झांसा देकर उनसे कुल ₹30,000 ऐंठे थे. पुलिस को आशंका है कि इस गोरखधंधे में किसी स्थानीय व्यक्ति या गाइड की भी मिलीभगत हो सकती है.
ये भी पढ़ें: शिक्षा मंत्री के बाद प्रधानमंत्री पर निशाना, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने की अब पीएम मोदी के इस्तीफे की मांग
