उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारी तेज हो गई है. आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद इस बार खुद दावेदारों का इंटरव्यू लेने वाले हैं. इस कदम को पार्टी की बड़ी तैयारी का संकेत माना जा रहा है.

दावेदारों का इंटरव्यू लेंगे चंद्रशेखर आजाद
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव सिर पर हैं. चुनावों को लेकर तमाम पार्टियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. अब इसी तैयारी में आजाद समाज पार्टी ने बड़ा कदम उठाया है. बताया जा रहा है कि पार्टी के प्रमुख और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद टिकट के दावेदारों का खुद ही इंटरव्यू लेंगे. जानकारी के मुताबिक इसके चलते वे अब 13 जून से 18 जून तक लखनऊ में रहने वाले हैं.
अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी में पार्टी
बताया जा रहा है कि इस दौरान आजाद विभिन्न मंडलों के उम्मीदवारों से मुलाकात करते उनकी पकड़ को समझेंगे. चर्चाएं यह भी हो रही हैं कि आजाद समाज पार्टी यूपी में 300 से 400 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी में है. अब लखनऊ में रहकर पार्टी प्रमुख खुद संभावित उम्मीदवारों का इंटरव्यू लेने वाले हैं. बताया जा रहा है कि यह इंटरव्यू मंडलवार और जोनवार तरीके से आयोजित होने वाला है, जिससे हर क्षेत्र के उम्मीदवार को मौका मिल पाए.
इस तरह से होगा इंटरव्यू
इसको लेकर पार्टी के नेताओं का मानना है कि उम्मीदवारों के चयन में इस बार जमीनी काम और संगठन की रिपोर्ट को महत्व दिया जाएगा. जानकारी के मुताबिक 13 जून को सहारनपुर, मेरठ और मुरादाबाद मंडल के दावेदारों का इंटरव्यू होने वाला है. वहीं 14 जून को बरेली, आगरा, अलीगढ़ कानपुर, चित्रकूट और झांसी मंडल के दावेदारों का इंटरव्यू होने वाला है.
पदाधिकारियों के लखनऊ पहुंचने के निर्देश
बताया जा रहा है कि 15 जून को लखनऊ, अयोध्या, देवीपाटन, गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ मंडल के दावेदारों का इंटरव्यू होने वाला है. वहीं आखिरी दिन 16 जून को वाराणसी, मिर्जापुर और प्रयागराज मंडल से संभावित प्रत्याशियों का इंटरव्यू होने वाला है. अब चंद्रशेखर आजाद उत्तर प्रदेश में अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी में दिख रहे हैं. पार्टी के सभी पदाधिकारियों को समय पर लखनऊ पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं.
यह भी पढ़ें- भारत ने दिखाई नई सैन्य शक्ति! बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस और एंटी-शिप मिसाइल टेस्ट पूरा; DRDO ने लगातार किए 3 परीक्षण
