कन्नौज के सदर कोतवाली में छज्जा गिरने की वजह से कई लोगों के मलबे मे दबने की खबर सामने आ रही है. आए दिन छज्जा गिरने से या बड़ी-बड़ी सोसायटी के प्लास्टर गिरने की वजह से लोगों की मौत की खबर सामने आती रहती है. थोड़ी सी बारिश और आंधी तूफान की वजह से मकानों के हिस्से का गिरना काफी चिंताजनक स्थिति को दर्शाता है. हाल ही में सोसायटी का प्लास्टर गिरने से एक व्यक्ति की मौत की खबर सामने आई थी. हर साल फ्लैट में रहने वाले लोग मेंटेनेंस के लिए पैसे देते हैं. फिर भी ऐसी खबर आती रहती है.
मलबे में दबे घायल
दरअसल, 13 जून दिन शनिवार को बलारपुर कुटिया गांव में घर की छज्जा अचानक से ही गिर गया. छज्जा गिरने की वजह से उसमें 8 लोग दब गए. स्थानीय लोगों में पूरी तरीके से अफरा तफरी का माहौल छा गया था, जिसके बाद गांव वालों ने तुरंत राहत बचाव के कार्य को शुरू किया और घायलों को मलबे से बाहर निकालने का काम शुरू किया. पुलिस को भी मामले की सूचना दी गई, जिसके बाद बचाव कार्य को शुरू किया गया.
बेहतर इलाज के लिए रेफर
घायल को तुरंत मलबे से निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों ने 6 लोगों की हालत काफी नाजुक बताई है. सभी को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया. वहां मौजूद लोगों का कहना हैं कि भारी बारिश की वजह से छज्जा पूरी तरीके से कमजोर हो गया था, जिसकी वजह से इतना बड़ा हादसा हुआ है.
