हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. थाना हापुड़ नगर और थाना हापुड़ देहात की संयुक्त पुलिस टीम के साथ हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश मारा गया है. इस मुठभेड़ में पुलिस टीम के एक हेड कांस्टेबल भी घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
कहां हुई मुठभेड़?
एसपी हापुड़ ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि 18/19 जून की रात्रि करीब 12:30 बजे थाना हापुड़ नगर पुलिस की टीम बुलंदशहर रोड पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्ध व्यक्ति आता हुआ दिखाई दिया. पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो वह बाइक घुमाकर पुलिस टीम को चकमा देकर भागने लगा. पुलिस पार्टी ने तुरंत उसका पीछा किया और कंट्रोल रूम के माध्यम से मैसेज फ्लैश किया. मैसेज मिलते ही जनपद के अन्य थानों की पुलिस सक्रिय हो गई और हापुड़ देहात पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बदमाश को ग्राम गोदी की तरफ से घेर लिया. दोनों तरफ से खुद को घिरा हुआ देख बदमाश ने सादिकपुर और गोदी गांव के रास्ते की तरफ मुड़कर ट्यूबवेल की आड़ ले ली. वहां से उसने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में बदमाश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत उपचार के लिए सीएचसी नगर भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मुठभेड़ के दौरान हेड कांस्टेबल मनोज कुमार भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार सीएचसी में चल रहा है.
50 हजार रुपये का इनाम था घोषित
एसपी ने बताया कि पुलिस ने जब मृतक बदमाश की शिनाख्त की, तो उसकी पहचान श्याम पुत्र वीरेंद्र निवासी सूरजपुर, थाना पटवाई, जनपद रामपुर के रूप में हुई. पुलिस अधीक्षक ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि यह बदमाश बीते 1 जून 2026 को थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला गिरधारीनगर में व्यापारी नरेंद्र अग्रवाल के परिवार और चौकीदार को बंधक बनाकर की गई डकैती और लूटपाट की घटना में वांछित चल रहा था. इसके खिलाफ थाना हापुड़ देहात में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत था और इसकी गिरफ्तारी पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित था. एसपी ने आगे बताया कि मृतक बदमाश का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसके विरुद्ध जनपद मुरादाबाद में भी डकैती व गैंगस्टर एक्ट के गंभीर अभियोग पंजीकृत थे. घटना के बाद फॉरेंसिक की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है. पुलिस ने घटनास्थल से एक अवैध पिस्टल, भारी मात्रा में जिंदा व खोखा कारतूस और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है. इस मामले में पुलिस द्वारा आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें: UP Weather Alert: 48 जिलों में लू का रेड अलर्ट, मानसून का इंतजार बढ़ा; जानें कब मिलेगी राहत
