Mathura cemetery dispute: मथुरा के मनोहरपुरा स्थित 117 वर्ष पुराने “कब्रिस्तान अहले मुस्लिमीन” में जेसीबी से कथित नुकसान पहुंचाए जाने के मामले में नया विवाद खड़ा हो गया है. कब्रिस्तान समिति ने आरोप लगाया है कि नगर निगम से संबद्ध मशीन द्वारा नौ कब्रों को क्षतिग्रस्त किए जाने के बाद प्रशासन ने प्रति कब्र केवल 100 रुपये मुआवजा तय किया है, जिससे मुस्लिम समुदाय में नाराजगी है.समिति ने इस मुआवजे को ‘मृतकों का अपमान’ करार दिया है.
कब्रिस्तान समिति ने दर्ज कराई शिकायत
यह घटना तब हुई जब मथुरा-वृंदावन नगर निगम से जुड़ी एक अर्थमूवर मशीन कथित तौर पर अप्रैल महीने में एक वक्फ कब्रिस्तान में दाखिल हो गई थी.मामले को लेकर कब्रिस्तान समिति ने शिकायत दर्ज कराई है. यूपी सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड के रिकॉर्ड में दर्ज इस कब्रिस्तान को लेकर अब प्रशासनिक कार्रवाई और जांच की मांग तेज हो गई है.

कफन जमीन से बाहर आ गए और कंकाल तक दिखने लगे…
कब्रिस्तान समिति के सचिव शाकिर हुसैन ने बताया कि आधिकारिक मूल्यांकन पर विश्वास करना मुश्किल है. उन्होंने कहा कि प्रशासन ने प्रति कब्र 100 रुपये, प्रति पेड़ 100 रुपये और प्रति कंक्रीट पिलर के लिए 100 रुपये का मुआवजा तय किया है. परिजनों ने देखा कि कब्रें कुचल दी गईं, कफन जमीन से बाहर आ गए और कंकाल तक दिखने लगे थे. इसके बावजूद आधिकारिक मूल्यांकन सिर्फ 100 रुपये प्रति कब्र लगाया गया. क्या सरकारी रिकॉर्ड में मृतकों की गरिमा की यही कीमत है?”
क्या कहते हैं नगर निगम अधिकारी
दूसरी ओर, नगर निगम के अधिकारियों ने इस मूल्यांकन को सही ठहराया है. अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह ने बताया कि नगर निगम ने संबंधित विभाग द्वारा तैयार की गई मूल्यांकन रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई की है. उन्होंने स्पष्ट किया कि मुआवजे की गणना उस समय के अधिकारियों द्वारा जारी निर्देशों और मौजूदा नियमों के अनुसार की गई थी. इसके साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा कि नागरिक निकाय (नगर निगम) धार्मिक या दफन स्थलों को होने वाले किसी भी नुकसान का समर्थन नहीं करता है.
जानकारी के अनुसार, कब्रिस्तान समिति के लगभग तीन दशकों से अध्यक्ष रहे 89 वर्षीय जमालुद्दीन खान द्वारा इस मामले में दो शिकायतें दर्ज कराई गई थीं. उन्होंने कहा कि यूपी सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड के दस्तावेजों में यह कब्रिस्तान एक गजटेड वक्फ अधिसूचित संपत्ति है.
कब की है घटना
यह घटना 26 अप्रैल की रात को हुई, जब मथुरा के मनोहरपुरा इलाके में स्थित 117 साल पुराने ‘कब्रिस्तान अहले मुस्लिमीन’ के पश्चिमी छोर पर एक सरकारी पानी की टंकी के पास काम चल रहा था. इसी दौरान नेचर ग्रीन टूल्स एंड मशीन्स प्राइवेट लिमिटेड की एक मशीन, जो नगर निगम से संबद्ध है, कथित तौर पर कब्रिस्तान परिसर में घुस गई.
