Mathura Accident: मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह साढ़े 3 बजे के आसपास वोल्वो बस और ट्रेलर की टक्कर हो गई. इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। 20 यात्री घायल हो गए. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा ट्रेलर में घुसकर पिचक गया. इस दर्दनाक हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि 20 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
कहां हुआ हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक, सवारियों से खचाखच भरी वोल्वो बस (रजिस्ट्रेशन नंबर: BR 28P 4723) एक्सप्रेसवे से गुजर रही थी, तभी माइलस्टोन 112 और 113 के पास इसकी टक्कर एक ट्रेलर (रजिस्ट्रेशन नंबर: RJ 47 GA 8143) से हो गई. ये टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई.
त्वरित राहत और बचाव कार्य
घटना की सूचना प्राप्त होते ही स्थानीय थाना के प्रभारी निरीक्षक (SHO) भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल की ओर रवाना हुए. हादसे की गंभीरता और जनहानि को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और क्षेत्राधिकारी (CO) महावनभी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँच गए.पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, जिसके तहत बस में फंसे सभी 20 घायल यात्रियों को निकालकर तुरंत एम्बुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.चारों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल (पोस्टमार्टम हाउस) भिजवा दिया गया है.
मौके पर आला अधिकारी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की PRV 5848 और प्रभारी निरीक्षक भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और क्षेत्राधिकारी महावन भी पुलिस बल के साथ दुर्घटनास्थल पर मुस्तैद रहे.
फिलहाल पुलिस द्वारा मृतकों की शिनाख्त (पहचान) करने के प्रयास किए जा रहे हैं. एक्सप्रेसवे पर यातायात को पूरी तरह सुचारू कर दिया गया है और मौके पर शांति व्यवस्था कायम है.
