उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार में जनता के कल्याण और हित के लिए हमेशा कोई न कोई सेवा या योजना शुरू होती रहती है. ऐसे में एक बार फिर उत्तराखंड सरकार जनता तक योजनाओं और सेवा का लाभ पहुंचाने के लिए ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार – सेवा पखवाड़ा’ योजना ला रही है. बता दें कि इस सेवा का दूसरा चरण 4 जुलाई से शुरू होने वाला है. इस अभियान को स्वयं मुख्यमंत्री पु्ष्कर सिंह धामी अपने हाथों से आरंभ करेंगे.
इस सेवा पखवाड़े में उत्तराखंड के सभी जिलों में 15 दिनों तक शिविरों को लगाया जाएगा. इन शिविरों में कई विभागों के सरकारी कर्मचारी काम करेंगे. इस योजना का मुख्य उद्देश्य लोगों को सेवा प्रदान करना है. लोगों को इस शिविर में फ्री इलाज, डॉक्टरी सलाह और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने वाला है. यहां तक की सभी सरकारी योजनाओं का लाभ भी इस शिविर में दिया जाएगा. लोगों की शिकायत और सभी समस्याओं का समाधान करने की कोशिश भी की जाएगी.
इन योजनाओं की सेवा का मिलेगा लाभ
सामाजिक सुरक्षा पेंशन
आयुष्मान भारत कार्ड
राजस्व संबंधी प्रकरणों के निस्तारण
महिला एवं बाल विकास
दिव्यांगजन कल्याण
कृषि, उद्यान, पशुपालन
स्वरोजगार
कौशल विकास
विभिन्न प्रमाण-पत्रों से जुड़ी सेवा
हालांकि, केवल यहीं नहीं बल्कि इसके अलावा भी अन्य योजनाओं का आनंद लोगों को मिलेगा.
मुख्यमंत्री धामी सरकार का उद्देश्य- हर आम आदमी को मिले योजना का लाभ
दरअसल, राज्य सरकार योजनाओं का लाभ हर एक व्यक्ति तक पहुंचाना चाहती है. इसी उद्देश्य से ‘सेवा पखवाड़ा’ अभियान शुरू किया गया है. सरकार ने जिला प्रशासन, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, सरकारी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय निकायों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है, ताकि अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ पाएं.
