Nihang Sikh Clash: उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से निहंगों और स्थानीय प्रशासन के बीच चल रहा तनाव गुरुवार रात उस समय चरम पर पहुंच गया, जब निहंगों का एक जत्था पुलिस और प्रशासन को चकमा देकर देहरादून में दाखिल हो गया. इस घटना के बाद राजधानी में रात भर हड़कंप मचा रहा और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई.
देहरादून में तनाव
गुरुवार को निहंगों ने फिर से उत्तराखंड में प्रवेश करने की घोषणा की, जिससे पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया. विकासनगर के कुल्हाल बॉर्डर पर भारी पुलिस बल, पीएसी और पैरामिलिट्री तैनात कर दी गई थी. शाम के समय निहंगों का जत्था हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब गुरुद्वारे पहुंचा.वहां अधिकारियों ने उनसे वार्ता की, लेकिन वे उत्तराखंड में प्रवेश करने की जिद पर अड़े रहे. उनकी मांग थी कि कर्णप्रयाग मामले में गिरफ्तार चारों निहंगों को रिहा किया जाए और उन्हें पंजाब भेजा जाए. इसके साथ ही उन्होंने हेमकुंड साहिब जाने की इच्छा जताई.
सुरक्षा को चकमा देकर घुसे अंदर
गुरुवार देर रात,सुरक्षा घेरे को चकमा देकर निहंगों का जत्था देहरादून शहर के भीतर पहुँच गया और रेसकोर्स स्थित गुरुद्वारे में जा पहुंचा. इस सूचना के मिलते ही शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया.जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल देर रात तक खुद मौके पर मौजूद रहे.
प्रशासन की कार्रवाई और वापसी
पुलिस और निहंगों के बीच लंबी बातचीत चली. प्रशासन ने पूरी स्थिति को बहुत ही संयम और संवेदनशीलता के साथ संभाला. रात करीब 2:30 बजे निहंग जत्था दो जिप्सियों में वापस लौटने को तैयार हुआ. प्रशासन ने सुरक्षा के साथ पुलिस की टीमें जत्थे के साथ भेजीं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे सुरक्षित पांवटा साहिब बॉर्डर पार कर जाएं. फिलहाल, प्रशासन ने दावा किया है कि सभी निहंग वापस भेजे जा चुके हैं.
वर्तमान स्थिति और चेतावनी
हालांकि निहंग जत्था वापस लौट गया है, लेकिन मामला अभी पूरी तरह शांत नहीं हुआ है. विकासनगर में जमकर बवाल हुआ. निहंगों ने हाथ में हथियार लेकर हुड़दंग काटा और गाड़ियोमं में तोड़ फोड़ की .निहंग संगत ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए सुबह 11 बजे तक अपनी मांगें मानने का अल्टीमेटम दिया है. स्थानीय स्तर पर भी लोगों में आक्रोश और चिंता देखी जा रही है. जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखी हुई है.
कब हुई थी विवाद की शुरुआत ?
16 जून को चमोली जिले के कर्णप्रयाग में निहंग श्रद्धालुओं और स्थानीय युवक के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई. इस घटना के विरोध में 20 जून को कुछ निहंगों ने रुद्रप्रयाग जिले के नगरासू स्थित गुरुद्वारा दमदमा साहिब पर कब्जा कर लिया और वहां के सेवादारों को बंधक बना लिया.करीब तीन दिनों तक चले इस कब्जे के बाद प्रशासन और पंजाब से आए एक प्रतिनिधिमंडल की मध्यस्थता से गुरुद्वारे को मुक्त कराया गया और वे वापस लौट गए थे.
कुल्हाल बोर्ड पर कैसी स्थिति?
कुल्हाल में बेरिकेट्स लगा कर मार्ग को पूरी तरह सील कर दिया गया है. कुल्हाल पांवटा साहिब पुल पर वाहनों की लंबी लाइन लगी हुई है. यहां तक कि पांवटा साहिब बाजार वाले मार्ग से उत्तराखंड आने वाले वाहनों पर पूरी तरह रोक है. वैकल्पिक तौर पर फोरलेन हाइवे खुला है. पांवटा साहिब गुरुद्वारा में निहंग सिख भारी संख्या में मौजूद है.
ये भी पढ़ें: केतन के बाल नहीं थे तो कभी शादी के लिए डराया… सिया गोयल ने पुलिस को दिए हत्याकांड को अंजाम देने के बहाने
