महाराष्ट्र में शिवसेना (UBT) को झटका लगा है. आदित्य ठाकरे के करीबी सचिन अहीर ने एकनाथ शिंदे के गुट में एंट्री ली है. उन्होंने विधान परिषद के उपसभापति पद के लिए नामांकन भी दाखिल कर दिया है.

शिवसेना (UBT) को बड़ा झटका
महाराष्ट्र की राजनीति में इन दिनों काफी हलचल मची हुई है. अब शिवसेना (UBT) को एक बड़ा झटका लगा है. आपको बता दें कि आदित्य ठाकरे के करीबी कहे जाने वाले और विधान परिषद सदस्य सचिन अहीर अब एकनाथ शिंदे के गुट की शिवसेना में शामिल हो गए हैं. बताया जा रहा है कि पाला बदलते ही अहीर ने विधान परिषद के उपसभापति पद के लिए नामांकन भी दाखिल कर दिया है.
मुख्यमंत्री भी रहे मौजूद
सचिन अहीर के नामांकन के दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौजूद रहे हैं. सचिन अहीर के पाला बदलने से शिवसेना (UBT) में हलचल तेज हो गई है. इस कदम को ‘ऑपरेशन टाइगर-3’ के रूप में देखा जा रहा है. शिंदे गुट का दावा है कि उद्धव खेमे के कई विधायक पाला बदलने वाले हैं.
3 बार के विधायक हैं सचिन अहीर
आपको बता दें कि सचिन अहीर मुंबई की शिवड़ी और वर्ली विधानसभा सीट से 3 बार राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के विधायक रह चुके हैं. उन्होंने राज्य सरकार में गृह निर्माण राज्यमंत्री के रूप में भी काम किया है. आपको बता दें कि साल 2019 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने एनसीपी को छोड़कर तत्कालीन अविभाजित शिवसेना का पाला पकड़ा था. इस दौरान उन्हें पार्टी ने विधान परिषद की सदस्यता दी थी.
आदित्य ठाकरे के बेहद करीबी
सचिन ने साल 2019 और 2024 के विधानसभा चुनाव में वर्ली सीट पर आदित्य ठाकरे के चुनाव ऑपरेशन में बड़ी भूमिका निभाई थी, जिसके कारण वे आदित्य ठाकरे के काफी करीबी माने जाते हैं. अब सचिन एकनाथ शिंदे गुट में शामिल हो गए हैं. उन्होंने विधान परिषद के उपसभापति पद के लिए नामांकन भी दाखिल कर दिया है. इस कदम के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है.
यह भी पढ़ें- राष्ट्रपति कार्यालय ने भरत तिवारी एनकाउंटर पर लिया संज्ञान; बिहार के मुख्य सचिव को जांच के निर्देश
