श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास महाराज की तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें लखनऊ में मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्हें सोमवार दोपहर में अस्पताल ले जाया गया था.

राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष की बिगड़ी तबीयत
अयोध्या राम मंदिर में दान चोरी का मामला इन दिनों बेहद चर्चा में है. अब इसी बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास महाराज की तबीयत अचानक बिगड़ी है. तबीयत बिगड़ने के बाद गोपाल दास को लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि उन्हें सोमवार को दोपहर में अस्पताल ले जाया गया था.
सोमवार दोपहर अस्पताल में भर्ती
जानकारी के मुताबिक महंत गोपाल दास महाराज को सोमवार दोपहर 1 बजकर 35 मिनट पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बताया जा रहा है कि उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी और पेशाब में इंफेक्शन की शिकायत भी थी. अस्पताल में भर्ती होने के बाद डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी और इलाज कर रही है. डॉक्टरों ने बताया कि अब उनकी सेहत पहले से बेहतर है.
हालत में हो रहा सुधार
डॉक्टरों ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें भर्ती हुए 2 दिन हो गए हैं और अब उनकी हालत में काफी सुधार देखा जा रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक महंत नृत्य गोपाल दास का इलाज अस्पताल की सीसीएम टीम के द्वारा किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि टीम की अगुवाई करने वाले डॉ. दिलीप दुबे पेशाब में इंफेक्शन की जांच और इलाज खुद कर रहे हैं.
3-4 दिन का लगेगा समय
अस्पताल टीम के मुताबिक महंत गोपाल दास की हालत में लगातार सुधार हो रहा है और उन्हें लाभ मिल रहा है. डॉक्टर ने साफ किया है कि उन्हें पूरी तरह ठीक होने में अभी भी 3 से 4 दिन का समय लग सकता है. डॉक्टरों का कहना है कि हालत में सुधार के बाद वे फिर से अयोध्या लौट जाएंगे. फिलहाल लगातार उनका इलाज किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें- बाबा बर्फानी की यात्रा पर अभेद्य सुरक्षा कवच! यात्रा मार्ग पर एंटी एयरक्राफ्ट गन तैनात; पूरी तरह अलर्ट प्रशासन
