मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर में जनसभा को संबोधित किया है. इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि सपा ने सैफई परिवार के नाम पर योजनाएं चलाई हैं.

सहारनपुर पहुंचे सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सहारनपुर में 613 करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया है. इस दौरान उन्होंने जनसभा को भी संबोधित किया है. इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने समाजवादी पार्टी पर भी जमकर हमला बोला है. सीएम योगी ने कहा कि अब प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है और 1 लाख 60 हजार गांवों और 57 हजार ग्राम पंचायतों की चिंता करती है.
सपा जन्मजात महापुरुषों की विरोधी
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि जातियों और क्षेत्रों के नाम पर बांटने वाले लोग आपको कमजोर कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि सपा ने महापुरुषों के नाम पर कुछ भी नहीं किया है और ये जन्मजात महापुरुषों के विरोधी रहे हैं. सीएम ने कहा कि जिन्होंने काशी का विरोध किया, जिन्होंने राम जन्मभूमि का विरोध आंदोलन का विरोध किया, जिन्होंने कहा कि अयोध्या में परिंदा पर नहीं मार सकता है और जो लोग कारसेवकों पर गोली चलवाते थे, आज वो लोग कह रहे हैं कि आस्था के साथ खिलवाड़ हो रहा है.
परिवार के नाम पर रखा योजनाओं का नाम
सपा पर हमला करते हुए सीएम योगी ने कहा कि जब आप कावड़ को रोकते थे तब यह आस्था कहां थी? उन्होंने कहा कि सपा महापुरुषों की जन्मजात विरोधी रही है और सरकार ने सिर्फ सैफई परिवार के नाम पर योजनाओं का नाम रखा. इन्होंने वाल्मीकि जी और संत रविदास के नाम पर कुछ नहीं किया है. सीएम योगी ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि अब सहारनपुर में दंगा नहीं होता है और अब शांकुभरी देवी कॉरीडोर बन रहा है.
2017 से पहले दंगे होते थे
सहारनपुर में सीएम योगी ने कहा कि हमने उपद्रवियों को सजा दिलाई है. उन्होंने कहा कि पहले कैराना पलायन होता था और बेटियां और व्यापारी सुरक्षित नहीं थे. उन्होंने कहा कि 2017 से पहले सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मथुरा, अलीगढ़ और मेरठ में दंगे होते थे. सीएम योगी ने कहा कि सपा सरकार ने उपद्रवियों पर मुकदमा नहीं चलाया. जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी सपा पर जमकर बरसे हैं.
यह भी पढ़ें- मोहर्रम के जुलूस में पाकिस्तानी झंडा? सागरपुर में बढ़ा विवाद; पुलिस ने बताया या धार्मिक ध्वज
