कांग्रेस के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर पीएम मोदी को पत्र लिखकर मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है. उन्होंने इस दौरान पीएम मोदी से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग भी की है.

वेणुगोपाल ने लिखा पीएम मोदी को पत्र
राम मंदिर दान चोरी विवाद को लेकर कांग्रेस के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने गुरुवार को पीएम मोदी को एक पत्र लिखा है. उन्होंने इस दौरान लिखा कि राम मंदिर चढ़ावे में हेराफेरी और बड़े स्तर पर वित्तीय अनियमितताएं पाई गई हैं. इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में एक उच्च स्तरीय स्वतंत्र एजेंसी से निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए.
आस्था के साथ विश्वासघात- वेणुगोपाल
जानकारी के मुताबिक वेणुगोपाल ने कहा कि यह मामला करोड़ों भक्तों की आस्था के साथ विश्वासघात है. उन्होंने इस दौरान आरोप लगाया कि शुरुआती जांच में एक संगठित गिरोह की मिलीभगत और संस्थागत विफलता का पता लग रहा है, जिससे यह साफ हो रहा है कि संरक्षण के बिना इस तरह की कथित लूट करना संभव नहीं है. उन्होंने दावा किया कि कैश को गिनने वाले कर्मचारियों ने मानक निगरानी प्रोटोकॉल को नजरअंदाज किया है.
सीसीटीवी फुटेज डिलीट किए गए- वेणुगोपाल
इस दौरान उन्होंने दावा किया कि इस साजिश के सबूतों को मिटाने के लिए सीसीटीवी फुटेज को भी डिलीट कर दिया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि इस हेराफेरी की शिकायतों को नजरअंदाज किया गया या फिर दबा दिया गया. के. सी. वेणुगोपाल ने पीएम मोदी को पत्र लिखते हुए कहा कि ट्रस्ट के पूर्व मुख्य लेखा अधिकारी द्वारा दी गई चेतावनी और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया द्वारा उठाए गए सवालों को भी नजरअंदाज किया गया.
मामले में निष्पक्ष जांच की मांग
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार द्वारा बनाई गई SIT का गठन और उसके बाद FIR दर्ज करना सिर्फ एक दिखावा है. उन्होंने कहा कि अभी तक सिर्फ निचले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई हुई है, वहीं दोषियों को बचाने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है. उन्होंने इस दौरान पीएम मोदी से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है. उन्होंने मांग की है कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए.
यह भी पढ़ें- दान चोरी मामले में आरोपी के खिलाफ बुलडोजर एक्शन की तैयारी? अयोध्या प्राधिकरण ने दिया नोटिस; पत्नी के नाम पर है मकान
