बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक युवती ने शादी के रिश्ते बार-बार टूटने के कारण फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. युवती के सांवले रंग के कारण उसके बार-बार रिश्ते टूट रहे थे. शादी न होने के कारण युवती मानसिक तनाव में थी.

रिश्ता ठुकराने पर युवती ने दी जान
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक हैरान करने वाली और दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां एक युवती ने मानसिक तनाव से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि युवती की शादी के लिए बार-बार रिश्ता ठुकराया जा रहा था. शादी न होने के कारण युवती डिप्रेशन में थी और उसने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. यह मामला अब चर्चा का विषय बन गया है.
सांवले रंग से परेशान थी युवती
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला जिले के गायघाट थाना क्षेत्र मकरंदपुर गांव का है. यहां रहने वाली 22 साल की युवती अंशु कुमारी ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. बताया जा रहा है कि मृत युवती अपने सांवले रंग के कारण लगातार परेशान रहती थी. युवती को ऐसा महसूस होता था कि उसके सांवले रंग के कारण उसकी शादी तय नहीं हो पा रही थी, जिसके कारण उसने अपनी जान दे दी.
10 से ज्यादा परिवारों ने युवती को देखा
बताया जा रहा है कि पिछले लगभग 3 सालों से युवती की शादी को लेकर लड़के की तलाश की जा रही थी. इस दौरान 10 से ज्यादा परिवारों ने युवती को देखा, लेकिन हर बार रिश्ता टूट गया. बुधवार को एक परिवार युवती को देखने आने वाला था, जिसे लेकर युवती काफी तनाव में थी. परिजनों के मुताबिक उसे डर था कि इस बार भी रंग के कारण उसका रिश्ता टूट जाएगा.
पंखे से लटका मिला शव
परिजनों के मुताबिक मंगलवार रात को युवती बिना खाना खाए अपने कमरे में सोने गई थी. बुधवार सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो परिवार ने खिड़की से झांका. इस दौरान परिजनों को पंखे से युवती का शव लटका मिला. जिसके बाद मौके पर कोहराम मच गया. मामले की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें- ‘SIT का गठन सिर्फ दिखावा…’, दान चोरी मामले में कांग्रेस ने पीएम मोदी को लिखा पत्र; हस्तक्षेप करने की मांग
